Haryana Weather Update: हरियाणा में मौसम का मिजाज फिलहाल शुष्क बना हुआ है। पिछले पांच दिनों से प्रदेश में बारिश की कोई गतिविधि नहीं हुई है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की गति से चलने और रात के तापमान में गिरावट के कारण प्रदेश के कुछ इलाकों में स्मॉग की स्थिति देखने को मिल रही है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने 10 नवंबर तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
10 नवंबर तक मौसम रहेगा खुश्क
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हरियाणा में 10 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। 5 नवंबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि इसके बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है।
तापमान में होगा उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है। इसके प्रभाव से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जबकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
सुबह के समय छाएगी हल्की धुंध
प्रदेश के कुछ इलाकों में अलसुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। वहीं, बीते दिनों से वातावरण में नमी के साथ धुआं और धूल के कण मिलने के कारण कुछ स्थानों पर स्मॉग की स्थिति बनी हुई है।
किसानों और आमजन के लिए मौसम अपडेट
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने के कारण किसानों और आमजन को आगामी दिनों में भी मौसम की स्थिति पर नजर रखनी चाहिए।











