हरियाणा के हिसार की बेटी दृष्टि मित्तल ने रचा इतिहास, उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में हासिल की तीसरी रैंक

On: November 13, 2026 2:26 PM
Follow Us:

Success story: हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर की बहू दृष्टि मित्तल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर न्यायिक क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2023 के घोषित अंतिम परिणाम में दृष्टि मित्तल ने समग्र मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस शानदार सफलता से आदमपुर सहित पूरे हिसार जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

दृष्टि मित्तल आदमपुर निवासी सुनील मित्तल की पुत्रवधू हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों के बल पर न्यायिक सेवा में यह मुकाम हासिल किया है। उल्लेखनीय है कि दृष्टि मित्तल इससे पहले हरियाणा न्यायिक सेवा में सिविल जज के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं। न्यायिक क्षेत्र में आगे बढ़ने और नए अवसर प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने नियमानुसार हरियाणा न्यायिक सेवा से पदत्याग किया और उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में हिस्सा लिया।

 मेरिट सूची में तीसरा स्थान हासिल

पहले ही प्रयास में उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा की समग्र मेरिट सूची में तीसरा स्थान हासिल करना उनकी प्रतिभा, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर कानून की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।

न्यायिक परीक्षाओं में मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हासिल करें सफलता : दृष्टि मित्तल

हिसार। उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में तृतीय स्थान हासिल करने वाली हिसार के आदमपुर की दृष्टि मित्तल ने कहा कि यह सफलता उनके और उनके परिवार के लिए बेहद खुशी और गर्व का पल है। उन्होंने कहा कि जिस सपने को लेकर उन्होंने कानून की पढ़ाई शुरू की थी, आज वह सपना साकार हो गया है। इस उपलब्धि के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, लगन, अनुशासन और परिवार का सहयोग रहा है। दृष्टि मित्तल ने बताया कि उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने करीब डेढ़ साल तक लगातार मेहनत की। इससे पहले भी उन्होंने अन्य राज्यों की न्यायिक सेवा परीक्षाओं में हिस्सा लिया था। तैयारी के दौरान उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ परिवार को भी समय दिया। इसके अलावा अपने स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से योग भी किया।

उन्होंने बताया कि 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने गाजियाबाद से बीए-एलएलबी की पढ़ाई की थी। उसी दौरान उन्होंने जज बनने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था। उनके परिवार में पहले कोई भी न्यायिक सेवा या कानून के क्षेत्र से जुड़ा नहीं था। उनके माता-पिता भी इस क्षेत्र में नहीं थे, लेकिन उन्होंने अपनी रुचि और लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कानून की पढ़ाई करने का निर्णय लिया। उन्होंने पढ़ाई के दौरान अच्छे अंक हासिल किए और कॉलेज में पढ़ाए जाने वाले विषयों पर विशेष ध्यान दिया। कानून की डिग्री पूरी करने के बाद न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग भी ली।

दृष्टि मित्तल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, पति, ससुराल पक्ष और परिवार के अन्य सदस्यों को देते हुए कहा कि सभी ने हर कदम पर उनका पूरा साथ दिया। परिवार के सहयोग और स्वयं पर विश्वास ने उन्हें अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि न्यायिक सेवा में चयनित होने के बाद उनका प्रयास रहेगा कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं तथा न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करें। दृष्टि मित्तल ने कानून की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट रहें और स्वयं पर विश्वास रखें। न्यायिक सेवा परीक्षा में कई बार असफलता मिलने पर निराश होने की जरूरत नहीं है। लगातार तैयारी, मेहनत और धैर्य के साथ प्रयास जारी रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि सही दिशा में की गई मेहनत और दृढ़ निश्चय से सफलता अवश्य मिलती है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now