IAS Pari Bishnoi Biography, Pari Bishnoi New House: राजस्थान के बीकानेर जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर IAS बनने वाली परी बिश्नोई इन दिनों अपने नए घर को लेकर चर्चा में हैं. हरियाणा के हिसार जिले के मंडी आदमपुर में बिश्नोई परिवार ने एक भव्य हवेली जैसा नया आवास तैयार कराया है. 11 नवंबर 2026 को यहां गृह प्रवेश हुआ जिसमें परी बिश्नोई अपने पति भव्य बिश्नोई के साथ नजर आईं. इस घर की खासियत सिर्फ इसकी ऊंचाई और आधुनिक सुविधाएं नहीं हैं, बल्कि इसकी बनावट में राजस्थान की पारंपरिक हवेली और महलों की झलक भी दिखाई देती है.
इस नए घर की बाहरी दीवारों पर धौलपुर पत्थर का इस्तेमाल किया गया है. मुख्य दरवाजे शीशम की लकड़ी से बने हैं जिन पर पीतल की सुनहरी कारीगरी की गई है. नक्काशीदार खंभे, झरोखों जैसी बालकनियां और शाही प्रवेश द्वार इसे किसी पुराने राजस्थानी महल जैसा रूप देते हैं.दिलचस्प बात यह है कि इस घर की बहू परी बिश्नोई खुद राजस्थान के बीकानेर जिले की रहने वाली हैं. ऐसे में इस नए आवास की चर्चा उनके राजस्थान से जुड़ाव के कारण भी हो रही है लेकिन परी बिश्नोई की पहचान केवल एक बड़े राजनीतिक परिवार की बहू होने तक सीमित नहीं है. वह 2020 बैच की सिक्किम कैडर की IAS अधिकारी हैं और UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2019 में ऑल इंडिया रैंक 30 हासिल कर चुकी हैं. आइए जानते हैं कि कौन हैं IAS परी बिश्नोई, कहां से पढ़ाई की, कैसे UPSC पास किया, किससे शादी हुई और अब किस वजह से उनका नया घर सुर्खियों में है.
बीकानेर के काकड़ा गांव में हुआ जन्म
परी बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के बीकानेर जिले की नोखा तहसील के काकड़ा गांव की रहने वाली हैं. उनका जन्म 26 फरवरी 1996 को हुआ था. उनके पिता मनीराम बिश्नोई पेशे से वकील हैं जबकि मां सुशीला बिश्नोई राजस्थान पुलिस के गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) विभाग में अधिकारी रही हैं. उन्होंने कई थानों में SHO की जिम्मेदारी संभाली. परी के परिवार का अपने गांव से पुराना जुड़ाव रहा है. उनके दादा गोपीराम बिश्नोई काकड़ा गांव के चार बार सरपंच रह चुके हैं. परिवार में शिक्षा, कानून और पुलिस सेवा का माहौल रहा. परी ने इसी माहौल में पढ़ाई की और आगे चलकर प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य बनाया.
अजमेर के स्कूल से दिल्ली यूनिवर्सिटी तक की पढ़ाई
परी बिश्नोई की शुरुआती पढ़ाई राजस्थान के अजमेर स्थित सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल से हुई. उन्होंने दसवीं में 89 प्रतिशत और 12वीं में 91 प्रतिशत अंक हासिल किए थे. स्कूली पढ़ाई के दौरान उन्होंने साइंस स्ट्रीम चुनी थी. इसके बाद उन्होंने दिल्ली का रुख किया और इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वुमेन दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया.ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने अजमेर की महर्षि दयानंद सरस्वती यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन यानी MA किया. पढ़ाई के दौरान उनका झुकाव राजनीति विज्ञान और प्रशासनिक व्यवस्था को समझने की तरफ बढ़ा. उन्होंने UGC NET और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) की परीक्षा भी पास की. इसके बाद उनका मुख्य लक्ष्य सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करना बन गया.परी की पढ़ाई की खास बात यह रही कि उन्होंने स्कूल में साइंस विषयों के साथ पढ़ाई शुरू की, लेकिन उच्च शिक्षा में पॉलिटिकल साइंस को चुना. इसी विषय को उन्होंने UPSC में अपना ऑप्शनल सब्जेक्ट भी बनाया.
तीसरे प्रयास में UPSC पास कर हासिल की 30वीं रैंक
परी बिश्नोई के लिए IAS बनने का सफर आसान नहीं था. उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के दौरान लगातार प्रयास किए. पहले प्रयास में वह प्रीलिम्स परीक्षा पास नहीं कर पाईं. दूसरे प्रयास में उन्होंने प्रीलिम्स और आगे की चयन प्रक्रिया में जगह बनाई, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका. इसके बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दी.साल 2019 की UPSC सिविल सेवा परीक्षा में परी बिश्नोई ने ऑल इंडिया रैंक 30 हासिल की. इस सफलता के साथ उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS के लिए हुआ. वह 2020 बैच की अधिकारी बनीं और उन्हें सिक्किम कैडर आवंटित किया गया.
IAS बनने के बाद सिक्किम में मिली पहली जिम्मेदारी
IAS अधिकारी बनने के बाद परी बिश्नोई ने अपने कैडर राज्य सिक्किम में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालीं. उपलब्ध सेवा रिकॉर्ड के मुताबिक जनवरी 2022 से नवंबर 2022 तक उन्होंने असिस्टेंट कलेक्टर के रूप में काम किया. इसके बाद नवंबर 2022 में उन्हें गंगटोक सबडिवीजन में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) की जिम्मेदारी मिली. इस पद पर वह जून 2024 तक रहीं. पहले परी विश्नोई सिक्किम हाउस, नई दिल्ली में डिप्टी रेजिडेंट कमिश्नर के पद पर थीं उसके बाद 12 मई 2026 से सिक्किम के पाक्योंग डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर के रूप में तैनात हैं.
भव्य बिश्नोई से कैसे हुई मुलाकात और कब हुई शादी?
परी बिश्नोई की निजी जिंदगी भी उनकी चर्चा की एक वजह रही है. उनकी शादी हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के पोते और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई से हुई है. भव्य बिश्नोई हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. वह 2022 के उपचुनाव में जीतकर विधानसभा पहुंचे थे और उस समय हरियाणा विधानसभा के सबसे कम उम्र के विधायकों में शामिल थे.परी और भव्य की सगाई मई 2023 में राजस्थान के बीकानेर जिले के मुकाम गांव में हुई थी. मुकाम बिश्नोई समाज के प्रसिद्ध मुकाम मुक्ति धाम मंदिर के लिए जाना जाता है. इसके बाद दोनों ने 22 दिसंबर 2023 को राजस्थान के उदयपुर में शादी की. यह शादी काफी चर्चा में रही थी. शादी के बाद पुष्कर, आदमपुर और दिल्ली में रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए थे.भव्य बिश्नोई के पिता कुलदीप बिश्नोई हरियाणा की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा हैं. वह सांसद और विधायक रह चुके हैं. उनकी मां रेणुका बिश्नोई भी विधायक रह चुकी हैं. वहीं भव्य के दादा चौधरी भजनलाल हरियाणा के तीन बार मुख्यमंत्री रहे थे और केंद्र सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे. इस तरह परी बिश्नोई की शादी हरियाणा के एक ऐसे परिवार में हुई जिसकी कई पीढ़ियां राजनीति में सक्रिय रही हैं.
क्यों चर्चा में है IAS परी बिश्नोई का नया घर?
परी बिश्नोई के चर्चा में आने की ताजा वजह हिसार जिले की मंडी आदमपुर में बना बिश्नोई परिवार का नया आवास है. 11 नवंबर 2026 को इस घर में गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर परी बिश्नोई अपने पति भव्य बिश्नोई के साथ पारंपरिक तरीके से कलश लेकर घर में दाखिल हुईं. गृह प्रवेश के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह घर चर्चा का विषय बन गया.यह नया आवास आदमपुर की ऐतिहासिक दुकान नंबर 107 की जगह पर तैयार किया गया है. यह जगह बिश्नोई परिवार के लिए खास महत्व रखती है. बताया जाता है कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल ने यहीं से अपने कारोबारी सफर की शुरुआत की थी. बाद में यह स्थान परिवार के राजनीतिक और सामाजिक संपर्क का भी अहम केंद्र बन गया. अब इसी जगह पर परिवार ने नया घर तैयार कराया है. इसे परिवार की पुरानी यादों और राजनीतिक विरासत से जोड़कर देखा जा रहा है.मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह इमारत करीब साढ़े पांच से छह मंजिला है. इसके बाहरी हिस्से को राजस्थान की पारंपरिक हवेलियों की तर्ज पर तैयार किया गया है.













