Last Updated:
Vrishchika Sankranti 2026 Ritual : हिंदू धर्म में 16 नवंबर को पड़ने वाली वृश्चिक संक्रांति का इंतजार लोग सालभर करते हैं. इस दिन सूर्यदेव की पूजा, अर्घ्य और जरूरतमंदों को दान करने की परंपरा है. अंबाला के ज्योतिषाचार्य कुमार गौरव लोकल 18 से बताते हैं कि जब सूर्य शुक्र के स्वामित्व वाली तुला राशि से निकलकर मंगल के स्वामित्व वाली वृश्चिक राशि में प्रवेश करते हैं, तो इस खगोलीय घटना को वृश्चिक संक्रांति कहा जाता है. वृश्चिक संक्रांति पर गुड़, तिल, चावल, गेहूं और दूसरी खाद्य सामग्री का दान किया जा सकता है. बदलते मौसम को देखते हुए जरूरतमंदों को गर्म कपड़े और भोजन दान करना भी पुण्यकारी माना गया है.
अंबाला. मौसम में धीरे-धीरे ठंडक बढ़ने लगी है, सुबह और शाम चलने वाली ठंडी हवाएं सर्दी के आगमन का एहसास करा रही हैं. ऐसे बदलते मौसम के बीच हिंदू धर्म में 16 नवंबर को पड़ने वाली वृश्चिक संक्रांति का विशेष धार्मिक महत्व माना जा रहा है. इस दिन सूर्यदेव की पूजा, अर्घ्य और जरूरतमंदों को दान करने की परंपरा है. धार्मिक मान्यता है कि संक्रांति पर श्रद्धापूर्वक सूर्य उपासना करने से सुख-समृद्धि और आरोग्य की प्राप्ति होती है. बदलते मौसम को देखते हुए जरूरतमंदों को गर्म कपड़े और भोजन दान करना भी पुण्यकारी माना गया है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, जब सूर्य शुक्र के स्वामित्व वाली तुला राशि से निकलकर मंगल के स्वामित्व वाली वृश्चिक राशि में प्रवेश करते हैं, तो इस खगोलीय घटना को वृश्चिक संक्रांति कहा जाता है.
कब से कब तक
अंबाला के ज्योतिषाचार्य कुमार गौरव लोकल 18 से बताते हैं कि सूर्य का राशि परिवर्तन हिंदू पंचांग में विशेष महत्व रखता है. इस दिन सूर्यदेव की आराधना करने और दान-पुण्य करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 16 नवंबर को सूर्यदेव शाम करीब 7 बजकर 48 मिनट पर वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे. संक्रांति का पुण्यकाल दोपहर 12 बजकर 6 मिनट से शाम 5 बजकर 27 मिनट तक रहेगा. महापुण्यकाल दोपहर 3 बजकर 40 मिनट से शाम 5 बजकर 27 मिनट तक निर्धारित है. श्रद्धालु इस अवधि में अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार पूजा-पाठ और दान कर सकते हैं.
ज्योतिषाचार्य कुमार गौरव बताते हैं कि स्नान करना और स्वच्छ वस्त्र धारण करना शुभ माना जाता है. इसके बाद तांबे के पात्र में साफ जल भरें. इसमें लाल चंदन, रोली या हल्दी मिलाई जा सकती है. सूर्योदय के समय पूर्व दिशा की ओर मुख करके सूर्यदेव को जल अर्पित करें. इस दौरान ‘ॐ सूर्याय नमः’ मंत्र का जाप करना चाहिए. इसके बाद सूर्यदेव को धूप और दीप दिखाकर गुड़ या गुड़ से बनी खीर का भोग लगाया जा सकता है. पूजा के बाद जरूरतमंद लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार दान दें.
क्या-क्या कर सकते हैं दान
वृश्चिक संक्रांति पर गुड़, तिल, चावल, गेहूं और दूसरी खाद्य सामग्री का दान किया जा सकता है. जरूरतमंदों को कंबल, स्वेटर और गर्म कपड़े देना भी सेवा का अच्छा माध्यम है. इस तरह संक्रांति का पर्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करने का संदेश भी देता है. वृश्चिक संक्रांति के दिन माता-पिता और घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद लेना भी शुभ कार्यों में शामिल है. इस दिन असहाय लोगों की सेवा करना, भूखे को भोजन कराना और जरूरतमंदों की सहायता करना विशेष महत्व रखता है.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…












