नई दिल्ली | डोसे और मैकरोनी का स्वाद तो आपने कई बार चखा होगा, लेकिन क्या कभी मखाने से बना डोसा या मैकरोनी खाई है? दिल्ली में चल रहे भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के मखाने से तैयार ऐसे ही नए व्यंजन लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। यहां पारंपरिक स्वाद को आधुनिक अंदाज में परोसा जा रहा है। बता दें कि इस खास पहल के पीछे दरभंगा की गार्गी सारा हैं, जो इस पहल की को-फाउंडर हैं।

उनके स्टॉल पर चावल के पारंपरिक घोल के बजाय मखाने से डोसा और मैदा की जगह मखाने से मैकरोनी तैयार की जा रही है। इसके साथ मखाने की इडली भी लोगों के लिए उपलब्ध है।
खीर से आगे बढ़ा मखाने का स्वाद
आमतौर पर मखाने का इस्तेमाल खीर, नमकीन और भुने स्नैक्स बनाने में किया जाता है। गार्गी सारा का उद्देश्य इसे रोजमर्रा के खानपान का हिस्सा बनाना है। इसी सोच के साथ मखाने से कई नए खाद्य उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं| स्टॉल पर केवल डोसा और मैकरोनी ही नहीं, बल्कि बिहार के पारंपरिक व्यंजन भी मौजूद हैं। यहां आने वाले लोग मखाना मालपुआ, ठेकुआ, रबड़ी, कुकीज और लड्डू का स्वाद भी ले सकते हैं। इस तरह एक ही जगह पर बिहारी मिठास और दक्षिण भारतीय व्यंजनों का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है।
पोषक तत्वों से भरपूर मखाना
गार्गी सारा के मुताबिक, दरभंगा मखाना उत्पादन के लिए देशभर में पहचान रखता है। मखाने में प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे पारंपरिक व्यंजनों से आगे आधुनिक फूड आइटम में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।












