चंडीगढ़ | रसोई का बजट संभालना इन दिनों परिवारों के लिए आसान नहीं है। आटा, दाल और सब्जियों के साथ अब सरसों के तेल की कीमत भी जेब पर भारी पड़ रही है। ऐसे में सरकारी राशन डिपो से मिलने वाला सस्ता तेल गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत बन रहा है। बता दें कि बाजार में सरसों का तेल करीब 210 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है, जबकि सरकारी राशन डिपो पर कार्ड धारकों को यह तेल 30 रुपये प्रति लीटर की दर से दिया जा रहा है। कीमत में बड़े अंतर के चलते लोग बाजार के बजाय डिपो से तेल लेना पसंद कर रहे हैं।

जिले में सरकारी खाद्यान्न वितरण व्यवस्था के तहत 428 राशन डिपो संचालित हैं। इनके माध्यम से 2,04,825 राशन कार्डों से जुड़े 8,11,905 लाभार्थियों तक राशन पहुंचाया जा रहा है। इनमें 1,85,439 बीपीएल, 13,419 अंत्योदय अन्न योजना और 5,967 एपीएल श्रेणी के राशन कार्ड शामिल हैं।
हिसाब से मिल रहा तेल
राशन डिपो संचालकों के अनुसार, परिवार में सदस्यों की संख्या के आधार पर सरसों का तेल दिया जा रहा है। एक से दो सदस्यों वाले परिवार को आधा लीटर और तीन से छह सदस्यों वाले परिवार को 1 लीटर तेल मिल रहा है।
कार्डधारकों को वितरण शुरू
महंगाई के दौर में 30 रुपये प्रति लीटर की दर से तेल मिलने से परिवारों के रसोई खर्च में राहत मिल रही है। डिपो होल्डर एसोसिएशन के जिला प्रधान कन्हैया ने बताया कि राशन डिपो पर तेल पहुंच चुका है और कार्डधारकों को इसका वितरण भी किया जा रहा है।









