गुरुग्राम: हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने घोषणा की कि साइबर सिटी में 400 बेड का एक अत्याधुनिक अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही निर्माण कार्य का टेंडर जारी किया जाएगा। अस्पताल में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 200 अतिरिक्त बेड के विस्तार की भी व्यवस्था रखी गई है।
30 नए आरोग्य केंद्रों की घोषणा
स्वास्थ्य मंत्री ने सोमवार को रोटरी ब्लड बैंक सेंटर में सोलर पावर प्लांट का शुभारंभ करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए जिले में 30 नए अर्बन आरोग्य केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों से बातचीत की और रोटरी क्लब को 11 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।
सोहना और फरुखनगर अस्पतालों को मिली नई मशीनें
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर सोहना नागरिक अस्पताल में एक नई अल्ट्रासाउंड मशीन और फरुखनगर नागरिक अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन का भी उद्घाटन किया। ये उपकरण पंजाबी बिरादरी महासंगठन के अध्यक्ष व ओम स्वीट्स के संचालक ओमप्रकाश कथूरिया द्वारा दान में दिए गए हैं। इन मशीनों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बेहतर और निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इस कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. अलका सिंह, पीएमओ डॉ. लोकवीर सिंह, एसएमओ डॉ. अनुज गर्ग सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।













