Haryana: हरियाणा में ACB टीम का एक्शन, ASI रिश्वत लेते गिरफ्तार

On: April 4, 2026 1:16 AM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबाला की टीम ने महिला हेल्प डेस्क की इंचार्ज ASI शर्मिला मलिक को 33 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ASI पर पारिवारिक विवाद के मामले में पति के पक्ष में बयान दर्ज करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

50 हजार की मांग, 35 हजार में हुआ सौदा

शिकायतकर्ता नवदीप सिंह ने ACB को दी शिकायत में बताया कि ASI शर्मिला मलिक ने शुरू में 50 हजार रुपए की मांग की थी। बातचीत के बाद सौदा 35 हजार रुपए में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने 2 हजार रुपए एडवांस के तौर पर दे दिए थे।

पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला

मामला शाहाबाद क्षेत्र के एक परिवारिक विवाद से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, पंजाब के जालंधर निवासी सिमरनजीत सिंह की शादी 15 सितंबर 2024 को ज्योतिसर की प्रभजीत कौर से हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद लड़की अपने मायके चली गई और वापस नहीं लौटी। इसके बाद लड़की पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

बयान पक्ष में लिखने के लिए मांगी रिश्वत

थाने में बुलाए जाने पर ASI ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बात की और कथित तौर पर कहा कि लड़की पक्ष 10 लाख रुपए की मांग कर रहा है। इसके बाद उसने शिकायतकर्ता को अपने पक्ष में बयान दर्ज करने का भरोसा देते हुए रिश्वत मांगी।

कोर्ट के पास बुलाकर पकड़ी गई

ASI ने बकाया 33 हजार रुपए लेने के लिए शिकायतकर्ता को कोर्ट परिसर के पास बुलाया। इससे पहले शिकायतकर्ता ने ACB को सूचना दे दी थी। ACB टीम ने 500-500 रुपए के 66 चिह्नित नोट देकर जाल बिछाया।

जैसे ही ASI ने पैसे लिए, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 33 हजार रुपए बरामद कर लिए।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now