हरियाणा में आज और कल बारिश, आंधी का अलर्ट

On: April 3, 2026 11:07 AM
Follow Us:

Haryana Weather Update : हरियाणा में आज और कल बारिश, आंधी का अलर्ट
Haryana Weather Update : हरियाणा में आज और कल बारिश, आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने किसानों को चेताया, गेहूं और सरसों की कटाई रोकने की अपील

Haryana Weather Update (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़ : हरियाणा में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हो चुकी है। खेतों में गेहूं, सरसों और चना की फसल पककर तैयार है और किसान अच्छी उपज की उम्मीद में हैं। लेकिन इसी बीच भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने जो अलर्ट जारी किया है उसने किसानों की नींद उड़ा दी है। दरअसल पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते प्रदेश में आज और कल बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। इससे किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। यदि इस दौरान मौसम खराब होता है तो किसानों की फसल को सीधे तौर पर नुकसान होने की संभावना है। जिससे उनकी छह माह की मेहनत पर पानी फिर सकता है।

मौसम विभाग ने ये अलर्ट जारी किया

हरियाणा में आज पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। वहीं, दक्षिण हरियाणा के इलाकों में तेज बारिश व ओले गिर सकते हैं। यहां ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हवा की रफ्तार पहुंच सकती है। इसी तरह, 4 अप्रैल को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। हवा की रफ्तार 30-40 ङट/ऌ रहेगी, जबकि कई जगह 40-50 ङट/ऌ तक तेज झोंके चल सकते हैं। बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं।

इस तरह रहेगा प्रदेश के जिलों का मौसम

आज दक्षिण और पश्चिम हरियाणा जैसे हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी और महेंद्रगढ़ में आंधी और ओलावृष्टि का ज्यादा खतरा है। उत्तरी और पूर्वी जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और कुरुक्षेत्र में बिजली गिरने के साथ बारिश के आसार हैं। रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत जैसे मध्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

औसतन 1.8 डिग्री की वृद्धि के साथ तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। करनाल में सबसे कम 17.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि चंडीगढ़ में 17.6, हिसार में 18.2 और रोहतक में 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री रहा। रात के तापमान में यह बढ़ोतरी बादलों और नमी के कारण बनी हुई है और आने वाले दिनों में इसमें ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now