हरियाणा में बारिश पर ब्रेक लगते ही तापमान चढ़ा, तेज धूप कर रही परेशान

On: August 20, 2026 2:12 PM
Follow Us:

Haryana Weather : हरियाणा में बारिश पर ब्रेक लगते ही तापमान चढ़ा, तेज धूप कर रही परेशान
Haryana Weather : हरियाणा में बारिश पर ब्रेक लगते ही तापमान चढ़ा, तेज धूप कर रही परेशान

मौसम विभाग का अनुमान कुछ दिन बाद दोबारा सक्रिय होगा मानसून

Haryana Weather (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़ : हरियाणा में बीते कल और आज बारिश न के बराबर हो रही है। इसके साथ ही आसमान साफ है और धूप खिलने से तापमान में दोबारा से वृद्धि देखने को मिल रही है। लोग तेज धूप और उमस भरी गर्मी झेलने के लिए मजबूर हैं। प्रदेश में हिसार सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया वहीं प्रदेश के औसत तापमान में भी 0.4 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप और गर्मी के चलते तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। हिसार के बाद नारनौल में 36.5 डिग्री, रोहतक में 36.2 डिग्री और भिवानी में 36 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। उधर, मौसम विभाग ने एक हफ्ते बाद फिर मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई है। प्रदेशभर में अगस्त महीने में अभी तक 257.9 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 14% कम है।

रात के तापमान में आई गिरावट

एक तरफ तेज धूप होने के कारण प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से ज्यादा रह रहा है तो वहीं प्रदेश का रात का तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम दर्ज किया गया है। प्रदेश भर में रात का तापमान सामान्य के करीब रहा। गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा। इसके अलावा चंडीगढ़ में 23.2 डिग्री, नूंह व नारनौल में 24.5 डिग्री और पंचकूला में 25.1 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

पंचकूला में आज भी भूस्खलन, सवारियों से भरी बस फंसी

हरियाणा में पंचकूला में लगातार तीसरे दिन लैंडस्लाइड हुई। गुरुवार सुबह मोरनी- रायपुर रानी रोड पर रोडवेज बस लैंडस्लाइट के बीच फंस गई। बस में इस दौरान करीब 70 सवारियां और स्कूली बच्चे थे। सभी को आनन-फानन में बस से बाहर निकालकर एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबा दूर कर बस को आगे भेजा गया। बुधवार को पंचकूला में कुछ घरों के पास लैंडस्लाइड हुआ था।

 

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now