केंद्र से बातचीत का आश्वासन, किसानों ने टाला प्रदर्शन, 4 सितंबर को होगी अहम बैठक

On: August 19, 2026 11:59 PM
Follow Us:

farmers

Haryana News: हरियाणा-पंजाब सीमा पर खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर से दिल्ली की ओर प्रस्तावित किसानों की यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। प्रशासन की ओर से किसानों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को लेकर 4 सितंबर, 2026 को दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद किसान नेताओं ने अपना आंदोलन कुछ समय के लिए टालने का फैसला किया।

एसडीएम ने दिया आश्वासन

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने एसडीएम नरवाना के आश्वासन के बाद यात्रा को 4 सितंबर तक स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को दिल्ली की ओर जाने से रोका था। अगर प्रस्तावित बैठक में उनकी मांगों पर सकारात्मक समाधान नहीं निकलता है, तो किसान दोबारा देशभर में यात्रा शुरू करेंगे।

बॉर्डर पर किसानों का धरना जारी

इससे पहले किसान बचाओ पदयात्रा में शामिल 51 किसानों ने दाता सिंहवाला बॉर्डर पर बैरिकेड्स के पास अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। जींद प्रशासन ने रविवार को बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर किसानों को दिल्ली की तरफ बढ़ने से रोक दिया था। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में किसानों ने बॉर्डर से करीब 250 मीटर दूर पंजाब की ओर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने रात भी सड़क किनारे बिताई।

सरकार पर अधिकारों के हनन का आरोप

मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किसान बचाओ पदयात्रा के संयोजक जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि संविधान देश के मेहनतकश लोगों को अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का अधिकार देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों के इस अधिकार का हनन कर रही है। डल्लेवाल ने कहा था कि इसी के विरोध में बुधवार को किसान अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, केंद्र के साथ 4 सितंबर को प्रस्तावित बैठक के आश्वासन के बाद फिलहाल किसानों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें