Last Updated:
Nuh Murder News : हत्या की ये घटना पुन्हाना उपमंडल के गांव लहरवाड़ी की है. मृतक की पहचान 28 वर्षीय अजहरुद्दीन के रूप में हुई है. उसे गोली मारकर मौत के घाट उतारा गया. 10-15 युवकों ने हथियारों से लैस होकर हमला किया था. यह हत्या 2018 की रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है. 2018 में गांव के ही वसीम नामक युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी. अजहरुद्दीन इसमें मुख्य आरोपी था.
वारदात के बाद युवक ने फेसबुक पर लगाई स्टोरी.
नूंह. हरियाणा के नूंह में सोमवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर खूनखराबा देखने को मिला है. घटना जिले के पुन्हाना उपमंडल के अंतर्गत थाना सदर क्षेत्र के गांव लहरवाड़ी की है. गांव के ही एक पक्ष ने विरोधी पक्ष पर हमला कर 28 वर्षीय अजहरुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है. ग्रामीणों और सरपंच सिंगा के अनुसार, घटना के समय परिवार के चार-पांच बच्चे गांव में खेल रहे थे. इसी दौरान 10-15 युवक हथियारों से लैस होकर आए और खड़े अजहरुद्दीन को गोली मार दी. हमलावरों ने बच्चों पर भी लाठी-डंडों से हमला किया, जो भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे.
जमीन विवाद ने डाला आग में घी
मृतक के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. यह हत्या 2018 की पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है. 3 अगस्त 2018 को गांव में ही वसीम नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस समय अजहरुद्दीन को उस मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया था और पुलिस ने 13 नामजद लोगों सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. बताया जा रहा है कि उससे पहले दोनों पक्षों में पलवल जिले में हुई चुनावी रैली के दौरान मारपीट और साथ लगती जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था.
पंचायत में हो चुका था समझौता
सूत्रों के अनुसार जिस युवक ने सोमवार को अजहरुद्दीन की हत्या की है, वह 2018 में वसीम की हत्या के समय नाबालिग था और उसके मन में बदले की भावना थी. हत्या के बाद उसने फेसबुक पर स्टोरी लगाकर लिखा कि भाई की हत्या का बदला ले लिया गया है. परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर पंचायत स्तर पर फैसला भी हो चुका था, इसके बावजूद इस वारदात को अंजाम दिया गया. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. सोशल मीडिया पर भी लहरवाड़ी के दो पक्षों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
और पढ़ें










