हरियाणा में कक्षा 6 के बच्चों के लिए बड़ी ख़बर, अब 3 नई किताबें पढ़ेंगे, अलग से लगेगा पीरियड, जानें क्या खास होगा?

On: December 30, 2025 9:58 AM
Follow Us:
हरियाणा में कक्षा 6 के बच्चों के लिए बड़ी ख़बर, अब 3 नई किताबें पढ़ेंगे

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 कई मायनों में खास रहने वाला है। राज्य सरकार और एससीईआरटी (State Council of Educational Research and Training) की पहल पर छठी कक्षा के सिलेबस में तीन नई किताबें शामिल की जा रही हैं। इन पुस्तकों का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी पढ़ाई तक सीमित न रखकर खेल, रचनात्मकता और करियर की शुरुआती समझ देना है।

इस बदलाव से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रदेश के हजारों सरकारी स्कूल छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। इन तीनों किताबों को अनिवार्य विषय के रूप में पढ़ाया जाएगा और इसके लिए अलग से पीरियड भी निर्धारित किया जाएगा।

‘खेल यात्रा’ से जुड़ेगा फिटनेस और योग

छठी कक्षा में शामिल की जा रही पहली नई पुस्तक ‘खेल यात्रा’ है। इस किताब के जरिए छात्रों को फिजिकल एजुकेशन, योग और फिटनेस के महत्व से परिचित कराया जाएगा।
इसका उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, शारीरिक रूप से सक्रिय जीवनशैली अपनाने की आदत विकसित करना और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करना है।

‘कृति’ से निखरेगी रचनात्मकता

दूसरी नई पुस्तक ‘कृति’ होगी, जिसमें डांस, ड्रामा, थिएटर सहित आठ अलग-अलग कला विधाओं की जानकारी दी जाएगी।
इस किताब से छात्र अपनी रचनात्मक क्षमताओं को पहचान सकेंगे और कला के माध्यम से समाज व जीवन को समझने की सोच विकसित होगी। इससे बच्चों के आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता में भी सुधार होने की उम्मीद है।

छठी से ही मिलेगी वोकेशनल एजुकेशन की समझ

तीसरी पुस्तक वोकेशनल एजुकेशन पर आधारित होगी। इसमें छात्रों को विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों और करियर विकल्पों की शुरुआती जानकारी दी जाएगी।
अब तक सरकारी स्कूलों में वोकेशनल विषय नौवीं कक्षा से पढ़ाया जाता था, लेकिन इस बदलाव के बाद छात्र छठी कक्षा से ही करियर की दिशा तय करने के लिए मानसिक रूप से तैयार हो सकेंगे।

शिक्षा को जीवन से जोड़ने की पहल

एससीईआरटी द्वारा तैयार किया गया यह नया सिलेबस नई शिक्षा नीति (NEP) की सोच के अनुरूप है, जिसमें पढ़ाई को व्यवहारिक, रोचक और जीवन से जुड़ा बनाने पर जोर दिया गया है। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे छात्रों का सर्वांगीण विकास होगा और स्कूल ड्रॉप-आउट दर में भी कमी आएगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now