Last Updated:
Haryana Braj Mandal Shobha Yatra 2026 : नूंह में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. रविवार को जिले में फ्लैग मार्च निकाला गया. एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. किसी भी व्यक्ति को लाठी, डंडा, तलवार या दूसरे तेजधार हथियार लेकर यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी. किसी भी विवादित व्यक्ति को यात्रा में शामिल होने की इजाजत नहीं दी जाएगी. इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने की संभावना पर पुलिस का कहना है कि फिलहाल ऐसी कोई जरूरत महसूस नहीं की जा रही है.
नूंह में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.
नूंह. हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार (3 अगस्त) को प्रस्तावित ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं. यात्रा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए रविवार को जिले में व्यापक रिहर्सल और फ्लैग मार्च आयोजित किया गया. इस दौरान नूंह के पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नियम उल्लंघन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. मीडिया से एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि यात्रा में शामिल होने वाली सभी गाड़ियों की बारीकी से जांच और तलाशी ली जाएगी. किसी भी व्यक्ति को लाठी, डंडा, तलवार या अन्य तेजधार हथियार लेकर यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी.
लगातार वीडियोग्राफी
एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि किसी भी विवादित व्यक्ति को यात्रा में शामिल होने की इजाजत नहीं दी जाएगी. इस संबंध में संबंधित जिलों की पुलिस को भी लिखित रूप से सूचित किया जा चुका है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यात्रा के दौरान करीब 1900 पुलिसकर्मी और सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी. प्रमुख चौराहों, मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. इसके लिए डीएसपी स्तर के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं. पुलिस का प्रयास है कि यात्रा पूरी तरह अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन निगरानी की भी विशेष व्यवस्था की गई है. पांच विशेष ड्रोन यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों तथा पहाड़ी इलाकों पर लगातार नजर रखेंगे. अरावली क्षेत्र में घुड़सवार पुलिस की तैनाती भी की जाएगी, जो निगरानी और तलाशी अभियान में सहयोग करेगी. पुलिस की विशेष टीमें लगातार वीडियोग्राफी कर रही हैं तथा विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर भी नजर रखी जा रही है.
सोशल मीडिया पर पैनी नजर
एसपी ने कहा कि भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल खराब करने वाली पोस्ट और वीडियो साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी. संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनके आईपी एड्रेस की भी जांच की जा रही है. इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बाधित किए जाने की संभावना के संबंध में पूछे गए सवाल पर एसपी ने कहा कि इस विषय पर उच्च प्रशासनिक स्तर पर चर्चा चल रही है. वह लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं. स्थिति की जानकारी आईजी और डीजीपी स्तर तक साझा की जा रही है.
आईजी नरवाल पहुंचे नूंह
ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा यात्रा से पहले रविवार को साउथ रेंज के आईजी ओम प्रकाश नरवाल नूंह पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने नल्हरेश्वर मंदिर पहुंचकर वहां की तैयारियों देखा और फ्लैग मार्च को रवाना किया. इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया. आईजी ओम प्रकाश नरवाल ने बताया कि यात्रा जिन मार्गों से होकर गुजरेगी, उन रूटों पर मीट और मांस की दुकानें बंद रहेंगी. इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने की संभावना पर उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई आवश्यकता महसूस नहीं की जा रही है. बाजार बंद रखने के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की ओर से किसी भी व्यापारी या बाजार समिति पर कोई दबाव नहीं है. यदि व्यापारी संगठन स्वेच्छा से यात्रा के समर्थन में बाजार बंद रखना चाहते हैं तो यह उनका स्वयं का निर्णय होगा.
कहां से कहां तक
नल्हरेश्वर मंदिर और ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि यात्रा नूंह के नल्हरेश्वर मंदिर से शुरू होकर झिरका, फिरोजपुर झिरका और अंत में श्रंगेश्वर मंदिर तक पहुंचेगी. पुलिस प्रशासन की तैयारी से वह पूरी तरह संतुष्ट हैं. उन्होंने मेवात की सभी 36 बिरादरियों से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत एवं सत्कार में सहयोग करने का आह्वान किया. समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्ष 2023 में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बावजूद मेवात ने हमेशा भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया है. पिछले वर्षों में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा, फल वितरण और अन्य सेवाओं के माध्यम से स्वागत किया था. इस बार भी पहले से अधिक व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. इस वर्ष ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा में करीब 25-30 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…
और पढ़ें











