- एसडीएम ने की मध्यस्थता, माने आढ़ती
Jind News(मेरा हरियाणा नेटवर्क)जींद। प्रदेश सरकार द्वारा मंडियों में किसानों पर फसल बेचने को लेकर थौंपे जा रहे नए कानूनोंं को रद्द करवाने लेकर रोहतक रोड नई अनाज मंडी के गेट बंद कर आढ़ती धरने पर बैठे गए। धरनारत आढ़तियों ने कहा कि सरकार किसानों और आढ़तियों के हितों की अनदेखी कर लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जो उनके लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर रोज नए-नए नियम लागू किए जा रहे हैं। जिससे मंडी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस बार सरकार द्वारा फसल बेचने आने वाले किसानों के ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट और बायोमीट्रिक प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। जिसे आढ़तियों और किसानों ने अव्यवहारिक बताया।
आढ़ती एसोसिएशनों के प्रधान सुनील सिहाग, सोनू भारद्वाज ने कहा कि मंडी को सुबह छह बजे से शाम आठ बजे तक ही खोलने के आदेश भी पूरी तरह से गलत हैं। किसान अक्सर रात के समय खेतों में कंबाइन से फसल कटाई करते हैं। ऐसे में उन्हें अपनी फसल मंडी तक लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। आढ़तियों ने इन आदेशों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
जींद एसडीएम ने की आढ़तियों के साथ बैठक
आढ़तियों के लामबंद होने पर एसडीएम सत्यवान मान ने नई अनाज मंडी जींद श्री राधा कृष्ण धर्मशाला में पहुंचकर में बैठक की। बैठक में मार्केट कमेटी अध्यक्ष मनीष गोयल, मार्केट कमेटी सचिव संजीव जांगडा भी मौजूद रहे। एसडीएम ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए आढ़तियों को किसानों के बारे में सोचना चाहिए। जो किसान मंडी में फसल लेकर आ रहे हैं। उन्हें उनके बारे में सोचना चाहिए। जो गेहूं की ट्रालियां गेट पर खड़ी हैं, उनको मंडी के अंदर आने दिया जाए। जिस पर दोनों आढती एसोसिएशन सहमत हो गई। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सुशील सिहाग ने कहा कि अब सहमति बन गई है और गेट को खोल दिया जाएगा।
सभी किसानों को आढ़ती फोन कर बता देंगे कि दो दिन बरसात का मौसम है और उसके बाद ही नई अनाज मंडी जींद के अंदर गेहूं की फसल लेकर आएं। सरसों की खरीद शुरू हो चुकी है। जिस पर आढ़ती एसोसिएशन ने धरना समाप्त कर गेट खोल दिए। वहीं अखिल भारतीय किसान सभा के राज्यध्यक्ष बलबीर सिंह गुरूसर की अध्यक्षता में नरवाना की नई अनाज मंडी में गेट के पास गद्दे बिछा कर आढ़तियों व किसानों ने धरना दिया। उन्होंने मांग की कि गेहूं खरीद के लिए बनाए गए नए नियमों को वापस लिया जाए और गेहूं को पुरानी प्रणाली पर ही खरीदा जाए। वहीं पिल्लूखेड़ा अनाज मंडी के गेट पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान जसवीर देशवाल की अध्यक्षता में आढ़ती धरने पर बैठे और मांग की कि सरकार द्वारा लागू किए गए कानून वापस लिए जाएं।
यह भी पढ़े:- Farmers Protest Day 270 : किसानों का धरना 270 वें दिन भी जारी














