Last Updated:
Panipat News: पानीपत में दशहरे पर शराब पार्टी के दौरान दोस्तों में हुए झगड़े में राहुल मलिक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. दोनों पहले अमेरिका से डिपोर्ट हुए थे. पुलिस जांच कर रही है.
पानीपत. हरियाणा के पानीपत में दशहरे के दिन शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच झगड़ा हो गया. इस दौरान नांगल खेड़ी निवासी राहुल मलिक (28) पर बचपन के दोस्त ने ही चाकू से हमला कर दिया. ताबड़तोड़ 7-8 वार किए.
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल हालत में राहुल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. बुधवार को इलाज को दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने गांव के ही 4-5 युवकों पर हमले का आरोप लगाया है.
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पार्टी गांव के बीच में बने एक ऑफिस में चल रही थी. वहीं, राहुल और आरोपी 50 लाख रुपए खर्च कर डंकी रूट से अमेरिका गए थे. पकड़े जाने पर दोननों को भारत डिपोर्ट कर दिया गया था.
मंगलवार को विजयदशमी के दिन विकास नगर और नांगल खेड़ी की सीमा पर स्थित एक ऑफिस में राहुल और उसके दोस्त शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर राहुल की अपने बचपन के दोस्त से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते राहुल का उससे विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान राहुल को कुछ युवकों ने पकड़ लिया. इसके बाद बचपन के दोस्त ने राहुल पर ताबड़तोड़ वार किए. राहुल पर चाकू से हमले की सूचना मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में पानीपत के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे.
डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया. बुधवार को इलाज के दौरान राहुल ने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों का कहना है कि राहुल की शरीर पर चाकू के 7-8 शार्प कट मिले हैं. हमले के बाद से ही राहुल होश में नहीं आ सका.
परिजनों के अनुसार, राहुल मलिक और आरोपी बचपन के दोस्त थे. दोनों 2023 में अमेरिका गए थे. बताया जा रहा है कि अमेरिका जाने के लिए करीब 50 लाख रुपए खर्च किए गए थे. हालांकि, दोनों को वहां से डिपोर्ट कर दिया गया था. परिजनों का आरोप है कि इसी बचपन के दोस्त ने उसकी हत्या की. सेक्टर 29 थाना प्रभारी रोबिन का कहना है कि पुलिस को झगड़े की सूचना मिली थी. इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई. परिजनों ने अभी शिकायत नहीं दी है, शिकायत मिलते ही पुलिस कार्रवाई करेगी. मुख्य आरोपी गांव का ही बताया जा रहा है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…











