Haryana News: हरियाणा के सोनीपत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है ,जहां इंस्टाग्राम के प्यार और शादी के बीच मां के दीवार बनने पर बेटी ने खौफनाक अंजाम दिया है। इकलौती बेटी ने अपनी ही मां को मौत के घाट उतार दिया है। बेटी की शादी से इनकार करने पर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है जो सोनीपत के गांव मुकीमपुर का रहने वाला है। विकास ने अपने प्रेमिका जानवी के साथ मिलकर उसकी मां को मौत के घाट उतार दिया। आपको बता दें कि 3 अक्टूबर को बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर से पुलिस को एक महिला की मौत की सूचना मिली थी। प्राथमिक सूचना में मृतका रामेश्वरी की करंट लगने से मौत की बात सामने आई थी। घटना के समय मृतका रामेश्वरी के पास उसकी बेटी जानवी और उसका दोस्त विकास पुलिस को मिले थे। 4 अक्टूबर को सेक्टर 27 थाना पुलिस द्वारा महिला का पोस्टमार्टम करवाया गया था। इसके बाद 5 अक्टूबर को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट से साफ हुआ कि रामेश्वरी की मौत करंट से नहीं बल्कि गला दबाने से हुई थी। इकलौती बेटी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां की गला दबाकर हत्या की थी।
जानकारी के अनुसार महिला रामेश्वरी और उसकी बेटी जानवी सोनीपत के सेक्टर 15 में किराए पर रहती थीं। जानवी को विकास के साथ सोशल मीडिया पर ही प्यार हुआ था। आरोपी विकास डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है जबकि बेटी जानवी इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासे के बाद पुलिस ने शक के आधार पर जानवी के दोस्त विकास से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी विकास ने हैरान करने वाला खुलासा करते हुए बताया कि जानवी और विकास ने ही मिलकर रामेश्वरी की हत्या की थी और हत्या को छुपाने के लिए करंट लगने से मौत की झूठी बात कही गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी विकास को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। ताकि वारदात में अन्य अन्य पहलुओं पर जांच हो सके। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही महिला की बेटी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











