Haryana Weather Alert: हरियाणा में सर्दी और कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी के लिए प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर (कोल्ड डे) का अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, कैथल, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और नूंह जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है।
राजस्थान से सटे जिलों में शीतलहर
वहीं राजस्थान से सटे हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, सिरसा, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में दिन के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
13 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 13 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे के बाद 2 से 3 घंटे हल्की धूप खिली, जिससे वीरवार की तुलना में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
औसत न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री गिरा
प्रदेश में सर्दी का असर अभी बरकरार है। शुक्रवार को हरियाणा के औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।
सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरसा में 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हिसार: 5.1 डिग्री
करनाल: 4.8 डिग्री
नारनौल: 4.5 डिग्री
चंडीगढ़ एयरपोर्ट: 5.4 डिग्री सेल्सियस
अधिकांश जिलों में रातें सर्द रहीं, जबकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली।











