Haryana Weather: फरवरी के अंत में ही तपने लगा हरियाणा, कई शहरों में पारा 32°C पार

On: March 1, 2026 12:11 PM
Follow Us:

haryana weather 2026 03 01t095242.121

Haryana Weather: हरियाणा में फरवरी विदा होने से पहले ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। India Meteorological Department (IMD) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1°C अधिक दर्ज किया गया है, जो आने वाले दिनों में और तेज गर्मी का संकेत दे रहा है।

हिसार सबसे गर्म, कई शहर 32°C के पार

प्रदेश में हिसार सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.9°C रिकॉर्ड किया गया। करनाल, सिरसा, जींद, रोहतक और यमुनानगर को छोड़कर लगभग सभी जिलों में तापमान 30°C से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी संभव है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.3°C की बढ़ोतरी हुई है। अधिकांश जिलों में तापमान 29°C से 31°C के बीच बना हुआ है।

गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में राज्य के किसी भी मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई, जिससे शुष्क हवाओं ने गर्मी को और तेज कर दिया है।

रातों में भी बढ़ने लगी गर्माहट

सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 2.6°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3.7°C अधिक है। करनाल में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.8°C रहा।

हिसार में रात का पारा 16.6°C तक पहुंच गया। जींद में न्यूनतम तापमान 16.7°C दर्ज किया गया।

अधिकांश इलाकों में 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की वृद्धि देखी गई है, जिससे सुबह-शाम की हल्की ठंड लगभग खत्म हो चुकी है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now