Haryana Weather: हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। India Meteorological Department (आईएमडी) के अनुसार 29 और 30 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे मौसम सुहावना होने के साथ-साथ कुछ जगहों पर परेशानी भी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। रविवार को अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जो सामान्य के आसपास है। सबसे अधिक तापमान रोहतक में 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की वृद्धि हुई, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। महेंद्रगढ़ और भिवानी में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नूह में यह 22 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य कारण बताया जा रहा है। आईएमडी के अनुसार उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम राजस्थान के आसपास भी एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 2 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में और बदलाव संभव है।
प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओले गिरने की भी संभावना है। पंचकुला में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कैथल, करनाल, पानीपत में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद सहित कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि रोहतक, रेवाड़ी, झज्जर और पलवल में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं।













