Haryana Weather: हरियाणा में चढ़ा पारा, फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी

On: March 1, 2026 5:12 PM
Follow Us:

haryana weather 2026 02 28t121639.558

Haryana Weather: फरवरी का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है और हरियाणा में गर्मी ने मार्च जैसे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह-शाम हल्की ठंड जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर होते-होते धूप चुभने लगी है। शुक्रवार से प्रदेश के तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे दिन में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में एक दिन में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य से लगभग 4.7 डिग्री अधिक चल रहा है। सबसे अधिक तापमान हिसार में 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय के हिसाब से काफी ज्यादा माना जा रहा है।

नारनौल और नूह में भी पारा 32 डिग्री के आसपास पहुंच गया। भिवानी में 31.8 डिग्री और रोहतक में 31.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। गुरुग्राम में 30.9 डिग्री और मंडकोला में 30.1 डिग्री तापमान रहा। फरीदाबाद में दिन के साथ-साथ रात में भी ठंड खास महसूस नहीं हो रही है, जिससे लोगों को अब स्पष्ट रूप से गर्मी का एहसास होने लगा है।

राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है। अंबाला में 28.3 डिग्री, करनाल में 27.8 डिग्री और सिरसा में 28.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि सिरसा में पिछले 24 घंटे में हल्की गिरावट भी देखने को मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई है। साफ आसमान और तेज धूप की वजह से दिन में गर्मी बढ़ रही है, जबकि सुबह और शाम को हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है। 27 फरवरी को मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। वहीं 28 फरवरी से बीच-बीच में आंशिक बादल छाने की संभावना है और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, हालांकि फिलहाल तेज बारिश के आसार नहीं हैं।

बढ़ते तापमान का असर लोगों की दिनचर्या पर भी दिखने लगा है। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम हो रही है और लोग धूप से बचने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों के लिए यह समय गेहूं और सरसों की फसलों के लिए बेहद अहम होता है। यदि तापमान सामान्य से अधिक बना रहा तो आगे चलकर फसलों पर असर पड़ सकता है। फिलहाल लोगों को सलाह दी जा रही है कि दोपहर की तेज धूप से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें। फरवरी के अंत में ही मार्च जैसी गर्मी ने हरियाणा के लोगों को सतर्क कर दिया है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now