Haryana Weather Today: हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, 6 जनवरी के लिए IMD का यलो अलर्ट, शीतलहर का दोहरा अटैक

On: January 6, 2026 7:29 AM
Follow Us:
Haryana Weather Alert

Haryana Weather Today: हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम दी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 6 जनवरी के लिए प्रदेश में यलो अलर्ट जारी किया है। बर्फीली हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है और दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है।
सोनीपत सहित आसपास के जिलों में सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को कंपकंपी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी कम दर्ज की गई।
अगले 48 घंटे रहेगा शीतलहर और कोल्ड-डे का असर
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश में शीतलहर और कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 8 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का प्रकोप बना रहेगा।
दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा में पाले की चेतावनी
IMD ने विशेष रूप से दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में पाला गिरने और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
नारनौल में रही सबसे ठंडी रात
प्रदेश में बीती रात नारनौल सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।
दूसरे स्थान पर हिसार रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं सोनीपत में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया और यहां 9.7 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा।
शीत हवाएं बढ़ाएंगी ठंड: मौसम विशेषज्ञ
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि उत्तर और उत्तर-पश्चिमी शीत हवाओं के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट जारी है।
नमी के चलते उत्तर और दक्षिण हरियाणा के अधिकांश इलाकों में अलसुबह और देर रात घनी धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन हवाएं हल्की से मध्यम गति से ठंडी बनी रहेंगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now