Haryana Weather: हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, किसानों के जारी हुई ये एडवाइजरी

On: April 12, 2026 5:59 PM
Follow Us:

Haryana Weather: हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 14 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः खुश्क लेकिन परिवर्तनशील रहेगा। रविवार रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 13 और 14 अप्रैल को देखने को मिलेगा।

इस बीच करनाल के तरावड़ी-नीलोखेड़ी क्षेत्र में शनिवार रात अचानक मौसम बदला और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। करीब 20 मिनट तक हुई बारिश में 10 मिनट तक ओले गिरे, जिससे जमीन पर बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और हवाओं की दिशा व गति में बदलाव देखने को मिलेगा। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रहेगी।

एचएयू के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष मदन खिचड़ ने बताया कि हाल के दिनों में कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। गुरुग्राम, झज्जर और महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस गुरुग्राम के नॉर्थ कैंपस में दर्ज हुआ।

किसानों के लिए जरूरी सलाह
मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले 3-4 दिनों तक सरसों की कटाई और गहाई रोकने की सलाह दी गई है। कटी हुई फसल को सुरक्षित बांधकर रखने को कहा गया है ताकि तेज हवाओं से नुकसान न हो।

इसके अलावा भिंडी, लौकी, खीरा, ग्वार जैसी सब्जियों और मूंग-उड़द की बुवाई फिलहाल टालने की सलाह दी गई है। गेहूं की फसल में पीला रतुआ और चेपा रोग पर नजर रखने को कहा गया है और कीट प्रकोप की स्थिति में मौसम साफ होने के बाद ही छिड़काव करने की हिदायत दी गई है।

पशुपालकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पशुओं को हवादार शेड में रखें और उन्हें संतुलित आहार के साथ खनिज मिश्रण देना सुनिश्चित करें।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now