हरियाणा की बेटी ईशा बनी भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग ऑफिसर, ऑल इंडिया चौथा रैंक

On: December 30, 2025 6:21 PM
Follow Us:
हरियाणा

हरियाणा के बराड़ा क्षेत्र के गांव कंबास की बेटी ईशा ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ईशा की इस बड़ी उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है और लोगों द्वारा परिवार को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

ईशा के परिजनों ने बताया कि उनका ऑल इंडिया लेवल पर चौथा रैंक आया है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। ईशा के पिता सोमनाथ हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि माता संगीता गृहणी हैं। वहीं, ईशा की छोटी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।

साधारण परिवार से निकलकर बड़ी उपलब्धि

तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी ईशा ने साधारण परिवार से निकलकर यह मुकाम हासिल किया है। उसकी सफलता से पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। ईशा की मेहनत और लगन आज गांव की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

सरपंच और शिक्षकों ने किया सम्मान

गांव की सरपंच पूजा और अध्यापक जसबीर सिंह ने ईशा के माता-पिता को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया और उन्हें बधाई दी। सरपंच पूजा ने कहा कि आज बेटियां पढ़-लिखकर देश, समाज और अपने माता-पिता का नाम रोशन कर रही हैं। ईशा ने अपने गांव कंबास का नाम देशभर में चमकाया है।

पढ़ी-लिखी सरपंच ने दिया प्रेरणादायक संदेश

उल्लेखनीय है कि सरपंच पूजा स्वयं भी पढ़ी-लिखी हैं। उन्होंने डबल एमए और जेबीटी की पढ़ाई की है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दे रही है और समाज की अन्य बेटियों को भी ईशा जैसी होनहार बेटियों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे गांव में बेटियों को पढ़ाई के लिए लगातार प्रेरित करती रहती हैं और हर संभव मदद के लिए तैयार रहती हैं।

क्षेत्र से मिल रही बधाइयां, ट्रेनिंग के लिए रवाना

वहीं, पास के गांव कंबासी निवासी और बराड़ा मार्केट कमेटी के चेयरमैन कुलराज शर्मा ने भी ईशा और उसके परिवार को बधाई दी। ईशा अपनी आगे की ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद रवाना हो चुकी हैं। पिता सोमनाथ ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है, जिसने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now