Haryana Weather Update: हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट

On: January 17, 2026 8:34 AM
Follow Us:
हरियाणा में बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से होगी बारिश, घना कोहरा और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी

Haryana Weather Update: हरियाणा में सर्द मौसम का असर लगातार जारी है और ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार 17 जनवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

शनिवार सुबह सोनीपत, जीटी रोड से जुड़े जिलों सहित प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। शहरों के बाहरी इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही और कई स्थानों पर विजिबिलिटी 10 मीटर से भी नीचे दर्ज की गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

इससे पहले शुक्रवार को भिवानी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पूरे राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

हिसार में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, जहां न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री से बढ़कर 2.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं नारनौल में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 18, 19 और 20 जनवरी को राज्य में मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन कुछ स्थानों पर कोहरे का असर बना रहेगा। 19 जनवरी को एक-दो जगह हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि इसका प्रभाव सीमित रहने की उम्मीद है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 जनवरी और 19 जनवरी की रात दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे मौसम में बदलाव बना रहेगा। इसके प्रभाव से 17 और 18 जनवरी को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 19 जनवरी के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश के आसार बन सकते हैं।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now