Kaithal News: अवैध पटाखा फैक्ट्री पर CIA कलायत की छापेमारी, 2 आरोपी काबू; 134 पेटियां पटाखे बरामद

On: October 7, 2026 12:54 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के कैथल में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत CIA कलायत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने गांव बाता में बिना लाइसेंस और परमिट के विस्फोटक पदार्थ से पटाखे तैयार करने वाली कथित अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को काबू करते हुए कुल 134 पेटियां अवैध पटाखे बरामद किए हैं।

CIA कलायत प्रभारी ASI मनीष कुमार ने बताया कि PSI मंजीत कुमार की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव बाता में एक छोटा हाथी वाहन से पटाखों की पेटियां बाहर बेचने के लिए ले जाई जा रही हैं। सूचना के अनुसार, आरोपियों के पास पटाखों से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट नहीं था।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव बाता में फ्लाईओवर के नीचे बने अंडरब्रिज से तितरम की तरफ जाने वाले रास्ते पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाता के गेट के सामने नाकाबंदी की। कुछ देर बाद गांव की तरफ से आई छोटा हाथी गाड़ी को रोककर पुलिस ने ड्राइवर सीट पर बैठे गांव बाता निवासी अंकित और कंडक्टर सोमपाल को काबू कर लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 84 पेटियां पटाखे बरामद हुईं। आरोपियों से पटाखों के लाइसेंस और परमिट के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पटाखों की जांच की, जिसमें पेटियों में विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर गांव बाता में पटाखे बनाने की फैक्ट्री चलाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां एक अन्य वाहन से 50 पेटियां अवैध पटाखे बरामद की गईं।

इसके अलावा पुलिस ने पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और पैकिंग सामग्री भी भारी मात्रा में बरामद की है। मामले में थाना कलायत में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now