Kal Ka Mausam: देशभर में मौसम को लेकर एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए कल यानी 29 जनवरी के मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनका असर आने वाले दिनों में साफ तौर पर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय बना हुआ है, जो समुद्र तल से करीब 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके साथ ही मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के साथ एक ऊपरी द्रोणिका बनी हुई है, जिसका असर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है। वहीं दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश से उत्तर आंतरिक कर्नाटक तक एक अन्य द्रोणिका भी सक्रिय है, जबकि पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 30 जनवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। उत्तराखंड के पूर्वी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में अत्यंत घना कोहरा छाया रहा, जबकि पंजाब और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
आने वाले 24 घंटों यानी 29 जनवरी को देश के अधिकांश हिस्सों में किसी बड़ी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में छिटपुट बारिश शुरू हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं। वहीं 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि 31 जनवरी से 1 फरवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। 1 फरवरी को पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 2 और 3 फरवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
तापमान को लेकर IMD ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। हालांकि इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने के संकेत भी दिए गए हैं।












