New Expressway: पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेसवे को लेकर बड़ी अपडेट, सिलीगुड़ी से हरियाणा तक बनेगा सीधा फोरलेन कॉरिडोर

On: January 7, 2026 10:26 AM
Follow Us:
New Expressway

New Expressway: गोरखपुर–पानीपत एक्सप्रेसवे को लेकर एक बड़ा और अहम अपडेट सामने आया है। अब इस एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले तक विस्तार देने की तैयारी की जा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक कुशीनगर में करीब 3 से 4 किलोमीटर लंबा हिस्सा बनाया जाएगा, जहां से इसे सीधे सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इस विस्तार के बाद एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई करीब 750 किलोमीटर तक पहुंच जाएगी।

सिलीगुड़ी से पानीपत तक सीधा फोरलेन कनेक्शन

दोनों एक्सप्रेसवे के जुड़ने से सिलीगुड़ी से पानीपत तक एक सीधा फोरलेन कॉरिडोर तैयार होगा। इससे पूर्वांचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच यातायात काफी आसान हो जाएगा। साथ ही व्यापार, उद्योग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर यूपी और हरियाणा के करीब 22 जिलों को आपस में सीधे जोड़ेगा।

गोरखपुर–शामली से पानीपत और अब कुशीनगर तक

शुरुआत में यह एक्सप्रेसवे गोरखपुर से शामली तक प्रस्तावित था। बाद में इसे पानीपत तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब एक और अहम फैसले के तहत इसे कुशीनगर की सीमा में सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। इसके लिए एलाइनमेंट का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

एलाइनमेंट और डिजाइन पर तेजी

एनएचएआई के अनुसार अगले महीने तक एलाइनमेंट का काम पूरा कर डिजाइन तैयार कर लिया जाएगा। गोरखपुर की सीमा में सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे जगदीशपुर–कोनी क्षेत्र तक आएगा, लेकिन वहां जगह की कमी के कारण पानीपत एक्सप्रेसवे को खुरहुरिया–बलुआ गांव के पास जोड़ने की योजना बनाई गई है।

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, 2026 में निर्माण की उम्मीद

यह पूरा प्रोजेक्ट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यावरण पर कम से कम असर पड़े। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कुशीनगर जिले में यह सड़क करीब 21 गांवों से होकर गुजरेगी, जबकि गोरखपुर में 46 गांव इसके दायरे में आएंगे। एलाइनमेंट फाइनल होने के बाद गांवों की संख्या में बदलाव संभव है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और वर्ष 2026 में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

फोरलेन चौड़ाई और तकनीकी विवरण

एनएचएआई के परियोजना निदेशक ललित प्रताप पाल के अनुसार, “पानीपत–गोरखपुर एक्सप्रेसवे को अब कुशीनगर जिले तक ले जाने का निर्णय लिया गया है। फरवरी तक एलाइनमेंट पूरा कर लिया जाएगा। फोरलेन की चौड़ाई कुछ हिस्सों में 60 मीटर और कुछ में 70 मीटर रखी जाएगी।”

इन जिलों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे

यह एक्सप्रेसवे कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, बरेली, संभल, अमरोहा, मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली और पानीपत से होकर गुजरेगा।

कुशीनगर के इन गांवों से होकर निकलेगी सड़क

कुशीनगर जिले में प्रस्तावित एक्सप्रेसवे रामपुर, अगया, होलिया, रामपुर माफी, मगडिहा, सिंदुरिया विशुनपुर, घोड़ादेउर, खुरहुरिया, बलुआ, तुर्कडिहा, बिंदुआर, सहजौली, सेंदुआर, मुंडेरा, खोट्ठा, सिहुलिया, टिकर, छपिया, बेलवा खुर्द, महुअवा और अहिरौली गांवों से होकर गुजरेगा।

यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा समय को कम करेगा, बल्कि पूर्वांचल, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला साबित होगा। New Expressway

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now