Last Updated:
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम खुश्क रहने से ठंड बढ़ने लगी है. डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार 24-25 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है. महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी किया है.
विनोद सैनी
हिसार. हरियाणा में पिछले कई दिनों से मौसम खुश्क बना हुआ है. सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर बढ़ने लगा है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और 24-25 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने का अनुमान है. शुक्रवार को भी प्रदेशभर में धूप खिली रही.
डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा में दिन का तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और रात्रि का तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य के आसपास है. पहाड़ों की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 21 नवंबर को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है.
उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है. सुबह और शाम के समय ठंड बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप खिलने की संभावना है. सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है.
हरियाणा का 20 नवंबर का पारा.
मौसम वैज्ञानिक ने किसानों को सलाह दी कि मौसम खुश्क रहने की संभावना को देखते हुए गेहूं की बिजाई के दौरान विश्वविद्यालय की अनुशंसित किस्मों का ही चयन करें. वहीं, नरमा-कपास की चुनाई सुबह धुंध छंटने और धूप निकलने के बाद करें, ताकि फसल की गुणवत्ता प्रभावित न हो.
हरियाणा में मौसम का हाल.
कहां पर है कितना पारा
हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है. करनाल में भी पारा 8.8 डिग्री दर्ज हुआ है. प्रदेश के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे पहुंच चुका है. इसमें महेंद्रगढ़ 8.7°C, करनाल 8.8°C, रेवाड़ी 9.2°C, झज्जर 9.5°C, कैथल 9.8°C, अंबाला 10.0°C, हिसार 10.0°C, कुरुक्षेत्र 10.0°C, पंचकूला 10.0°C और यमुनानगर 10.0°C शामिल हैं. मौसम विभाग ने 20 से 22 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…









