हरियाणा में बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से होगी बारिश, घना कोहरा और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी

On: January 16, 2026 9:00 AM
Follow Us:
हरियाणा में बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से होगी बारिश, घना कोहरा और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी

हरियाणा में आज से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए कोहरे और शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है, जबकि सोनीपत, पानीपत, भिवानी, फतेहाबाद समेत कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। तेज सर्द हवाओं के चलते कई शहरों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ है।

इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे और शीतलहर का असर देखने को मिला था। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। गुरुवार को राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2.7 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया, वहीं अधिकतम तापमान भी औसतन 4.3 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य से नीचे रहा।

भीषण ठंड के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालात को देखते हुए हरियाणा सरकार ने विंटर होलीडे को दो दिन और बढ़ा दिया है। अब प्रदेश में सरकारी और निजी स्कूल सोमवार से खुलेंगे। प्रशासन की ओर से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है।

मौसम के असर की बात करें तो हिसार में पिछले 15 सालों में पांचवीं बार ऐसा हुआ है, जब न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह पिछले दो साल का रिकॉर्ड भी टूट गया है। इससे पहले 2025 में 15 जनवरी को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री और 2024 में 16 दिसंबर को 1.1 डिग्री दर्ज किया गया था। नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री, जींद के पांडु पिंडारा में 2.6 डिग्री और सिरसा में 2.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। करनाल, अंबाला और रोहतक में भी रात का तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

आगे मौसम की स्थिति को लेकर अनुमान है कि 17 और 18 जनवरी को ठंड के असर में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। अधिकांश जिलों में कोल्ड-डे की चेतावनी नहीं रहेगी, हालांकि रात और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 16 जनवरी और 19 जनवरी की रात दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते 17 और 18 जनवरी को कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 19 जनवरी के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना भी जताई गई है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now