Last Updated:
Charkhi Dadri News: हरियाणा के चरखी दादरी में पुलिस ने शराब तस्करों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने रोहतक-पानीपत हाईवे पर रुखी गांव के नजदीक एंबुलेंस लिखी पिकअप गाड़ी से अंग्रेजी शराब की 215 पेटियां बरामद की हैं.
शराब तस्कर गिरफ्तार
चरखी दादरी: हरियाणा में शराब तस्करी के लिए तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए पैतरे आजमा रहे हैं. लेकिन पुलिस की खुफिया नजरों से उनका बचना मुश्किल हो जाता है. अब तो चकमा देने के लिए तस्कर एम्बुलेंस में शराब तस्करी करने लगे है. प्रदेश की गोहाना पुलिस की क्राइम यूनिट टीम ने शराब तस्करी के एक ऐसे ही मामले का खुलासा किया है.
पुलिस ने रोहतक-पानीपत हाईवे पर रुखी गांव के नजदीक एंबुलेंस लिखी पिकअप गाड़ी से अंग्रेजी शराब की 215 पेटियां बरामद की हैं. पुलिस ने मौके से गाड़ी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय निवासी गांव बौंद कलां, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है. पहले भी गोहाना CIA ने एक एम्बुलेंस से 92 शराब को पेटी पकड़ी थी.
पुलिस को मिली सूचना, हुए सतर्क
CIA गोहाना ASI विकास कुमार पुलिस जांच अधिकारी के अनुसार, क्राइम यूनिट की टीम रोहतक-पानीपत हाईवे पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एंबुलेंस लिखी पिकअप गाड़ी में अवैध रूप से शराब की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के पुल के नीचे नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी. इसी दौरान पानीपत की तरफ से एंबुलेंस लिखी एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी.
अंग्रेजी शराब की 215 पेटियां बरामद
पुलिस ने गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें से अंग्रेजी शराब की 215 पेटियां बरामद हुईं. पुलिस के मुताबिक, गाड़ी चालक शराब से संबंधित कोई परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर शराब की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि इस तस्कर ग्रुप के सभी आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुट गई है.









