Haryana News: कुरुक्षेत्र के सलपानी कलां गांव के पास सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर में 8 से 10 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया है। जिस जगह मगरमच्छ देखा गया है, वहां पानी करीब 4 फुट तक गहरा है। ऐसे में टीम के लिए पानी में उतरकर उसे रेस्क्यू करना आसान नहीं होगा।
पानी कम होने का इंतजार
रेस्क्यू के लिए नहर में पानी और कम होने का इंतजार किया जा रहा है। अगले 3-4 दिन में पानी का स्तर घटने की उम्मीद है। इसके बाद, जाल की मदद से मगरमच्छ को रेस्क्यू करने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा, ज्योतिसर गांव से सटे मुंडाखेड़ा से गुजर रही ड्रेन में भी करीब 4 फुट लंबा मगरमच्छ दिखा है।
मछुआरों ने दी जानकारी
मछली पकड़ने वाले ने गोताखोर प्रगट सिंह को वीडियो भेजकर नहर में मगरमच्छ होने की जानकारी दी। वीडियो में मगरमच्छ नहर में आराम से उतरता दिखाई दे रहा है। नहर में मगरमच्छ की मौजूदगी देखकर युवक के साथ-साथ दूसरे लोग तुरंत वहां से हट गए।
आबादी से दूर है नहर
गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि जिस जगह यह मगरमच्छ दिखा है वह आबादी से दूर है, लेकिन आसपास के एरिया के कई लोग अपने पशुओं को लेकर उधर से निकलते हैं। नहर में पानी का स्तर और बहाव बहुत कम है। इस स्थिति में मगरमच्छ नहर की पटरी तक पहुंच जाते हैं।
पकड़ने के लिए लगाया जाल
ड्रेन में दिखाई दिए मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जाल लगाया गया है। इसे जल्द रेस्क्यू किया जाएगा, लेकिन ड्रेन में एक से ज्यादा मगरमच्छ हो सकते हैं। अभी करीब 4 फीट लंबा मगरमच्छ दिखा है। इसलिए पूरी जांच-पड़ताल के साथ ही रेस्क्यू किया जाएगा।










