हरियाणा में इस ज़िले में एक और सड़क निर्माण को मिली मंज़ूरी, 10 गावों की हुई मौज, राशि की गई जारी

On: January 16, 2026 2:11 PM
Follow Us:
हरियाणा में इस ज़िले में एक और सड़क निर्माण को मिली मंज़ूरी

हरियाणा में चरखी दादरी जिले के बाढड़ा उपमंडल के अंतर्गत आने वाले दस गांवों के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। हरियाणा कृषि मार्केटिंग बोर्ड ने गांव हंसावास कलां से नांधा तक खेतों के रास्ते पर बनने वाली तीन किलोमीटर लंबी और चार मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए एक करोड़ 11 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। इस निर्णय से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि इस सड़क परियोजना का प्रस्ताव पिछले करीब दस वर्षों से साइज कम होने और अन्य तकनीकी अड़चनों के कारण लंबित चला आ रहा था। गांव हंसावास खुर्द, किष्किंधा चांदवास और लाड सहित आसपास के गांवों की ग्राम पंचायतें लंबे समय से इस कच्चे रास्ते को पक्का कराने के लिए प्रयासरत थीं, लेकिन निर्धारित मानकों से चौड़ाई कम होने के कारण फाइल आगे नहीं बढ़ पा रही थी।

करीब छह महीने पहले क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने इस समस्या को लेकर सांसद धर्मबीर सिंह और विधायक उमेद पातुवास से मुलाकात की थी। इसके बाद झोझू कलां में आयोजित एक रैली के दौरान सांसद व विधायक ने मुख्यमंत्री नायाब सैनी को पूरे मामले से अवगत कराया। मुख्यमंत्री कार्यालय से विशेष जरूरी योजना के तहत कम साइज के बावजूद सड़क निर्माण की अनुमति दिलाई गई, जिसके बाद परियोजना को स्वीकृति मिली।

मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देशों के बाद हरियाणा कृषि मार्केटिंग बोर्ड के मुख्य प्रशासक ने पंचकूला से बजट जारी करने के आदेश दिए। इसके तहत विभाग ने एक करोड़ 11 लाख रुपये की राशि जारी कर एचएएमबी भिवानी के कार्यकारी अभियंता को आगामी कार्रवाई के लिए पत्र भेज दिया है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है।

केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन सुधीर चांदवास ने कहा कि इस तीन किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के बनने से कई गांवों के ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। वहीं हरियाणा कृषि मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता अजय राठी और कनिष्ठ अभियंता प्रवीन कुमार ने बताया कि हंसावास कलां से नांधा तक कच्चे रास्ते को पक्का करने के लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक उमेद पातुवास का आभार जताया है। हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिंह हंसावास, वजीर सिंह, धूप सिंह, अनिल नांधा, सरपंच अनिल नांधा, कुलदीप सिंह, जयसिंह, अमित कुमार, दीपक, जगबीर शर्मा और सरपंच सतपाल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के आमजन को सीधा और स्थायी लाभ मिलेगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now