Haryana News: जींद के होटलों और कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में युवक-युवतियों को बैठाने की गतिविधियां एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मंगलवार रात सफीदों रोड स्थित एक होटल में छापेमारी की। इस दौरान 6 युवतियां और 5 युवक आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया और कानून के मुताबिक कार्रवाई की।
11 लोग आपत्तिजनक हालत में मिले
सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि सफीदों रोड स्थित एक निजी होटल में कुछ युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की तो होटल में 6 युवतियां और 5 युवक मिले। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई की है। थाना प्रभारी ने कहा कि जींद पुलिस इस तरह की गतिविधियों पर नजर रख रही है। आमजन भी अपने आसपास किसी संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हो सकती है व्यापक छापेमारी
सफीदों रोड के होटल में हुई इस कार्रवाई के बाद शहर के दूसरे होटलों और उन व्यावसायिक ठिकानों पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ने की उम्मीद जगी है, जहां युवक-युवतियों को बैठाने के नाम पर गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। शहर के कई नामी होटलों में भी इस तरह की गतिविधियां होने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस की कार्रवाई का दायरा इन होटलों तक पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।












