हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला-बदला नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह और रात के समय घने कोहरे की संभावना बनी हुई है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है। इसका असर सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिलों में घना कोहरा छा सकता है। वहीं हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी और चरखी दादरी में हल्की धुंध के साथ शीतलहर चलने के आसार हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।
पिछले दिनों हुई बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दक्षिणी हरियाणा के नारनौल में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 8.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। IMD के अनुसार पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे बना हुआ है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग ने बताया कि आगामी दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा होगा, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि 31 जनवरी को दक्षिणी हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह (मेवात) और पलवल जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं 1 फरवरी को पूरे हरियाणा में मौसम के फिर से सक्रिय होने के आसार हैं। इस दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। विशेष रूप से उत्तर-पूर्वी जिलों अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि मध्य और दक्षिणी हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।













