हरियाणा में सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और यमुनानगर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
घना कोहरा बना जानलेवा, विजिबिलिटी 5 मीटर से भी कम
सोमवार सुबह सर्दी के साथ लौटे घने कोहरे ने प्रदेश भर में जनजीवन और यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। कई जिलों में दृश्यता 5 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर हालात जीरो विजिबिलिटी जैसे बन गए। घने कोहरे और ठंडी हवाओं के चलते सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और कई जगह हादसे हो गए।
कोहरे के कारण हुए हादसे
सिरसा के कालांवाली क्षेत्र में रोड़ी रोड पर सुबह स्कूल बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक घायल हुआ है। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे।
हिसार के बरवाला इलाके में घने कोहरे के चलते हरियाणा रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई। बस में सवार करीब 50 यात्री सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।
हांसी के बड़ाला रोड पर धुंध के कारण एक स्विफ्ट कार मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक जुलाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं और हिसार में कोर्ट पेशी के लिए जा रहे थे।
आठ जिलों में कड़ाके की ठंड का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग, चंडीगढ़ ने मंगलवार के लिए हरियाणा के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें हिसार, रोहतक, करनाल, अंबाला, गुरुग्राम और भिवानी शामिल हैं। इन जिलों में पाला गिरने और शीतलहर जैसी स्थिति की चेतावनी दी गई है, जिससे फसलों और आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
4–5 फरवरी को ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग ने 4 और 5 फरवरी को दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों—हिसार, भिवानी और चरखी दादरी—में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ सकती है।
खराब मौसम से प्रभावित हुई हवाई और रेल सेवाएं
सोमवार सुबह खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। उन्हें फतेहाबाद में पंडित जसराज की जयंती पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होना था। बाद में वे विशेष विमान से देरी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
वहीं कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। करनाल में 16 ट्रेनें देरी से चलीं, जबकि चार ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले तीन-चार दिनों तक सुबह के समय घना से अति घना कोहरा बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।












