भिवानी जिले में इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने बजट, मनरेगा और लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर मौजूदा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा असर युवाओं पर पड़ रहा है और पिछले एक साल से सरकार युवाओं के खिलाफ काम कर रही है। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार समाज के भीतर दरार पैदा करने का काम कर रही है।
सोमवार को अर्जुन चौटाला भिवानी में आयोजित इनेलो के युवा सम्मेलन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस मौके पर इनेलो के जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहु सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अर्जुन चौटाला ने सरकार की योजनाओं को जनता विरोधी बताते हुए तीखा कटाक्ष किया।
प्रदेश की जनता को मिले उनका हक
अर्जुन चौटाला ने कहा कि भाजपा वाले राम कहलवाकर बड़े खुश होते हैं। उनका इशारा वीबी राम जी योजना की ओर था। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसी को राम कहलवाने की जरूरत नहीं है, यहां तो लोग सुबह-शाम राम-राम बोलते हैं। चाहे जी राम जी कर दो, चाहे जी माताजी या ब्रह्म जी कर दो, लेकिन प्रदेश की जनता का हक उन्हें मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मनरेगा प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए एक मजबूत लाइफ लाइन थी, लेकिन सरकार ने इस पर भी रोक लगा दी है। स्कीम का नाम भले ही वही हो, लेकिन इसके मायने बदल दिए गए हैं। 40 फीसदी फंडिंग के बाद बाकी खर्च प्रदेश कैसे उठाएगा, यह बड़ा सवाल है। पहले से ही हरियाणा पर करीब साढ़े तीन लाख करोड़ का कर्ज है।
सरकार कहती कुछ है, करती कुछ और
केंद्र सरकार के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि सरकार चुनावी क्षेत्रों को ध्यान में रखकर बजट बनाती है। वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा बजट की तारीफ किए जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी कुर्सी बचानी है, इसलिए उनका ऐसा कहना स्वाभाविक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की आदत है कि दो मिनट में अपने बयान से मुकर जाती है। लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन बाद में उस पर भी रोक लगा दी गई। योजना में संशोधन किया गया और अब किस्तें भी दो-दो और तीन-तीन महीने में मिल रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बैंक में पड़े पैसे का ब्याज कौन खा रहा है, जबकि सरकार पहले ही कटौती कर लेती है।
आप पार्टी पर भी साधा निशाना
आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि ऐसे संगठनों की बात करनी चाहिए जो सच में जनता की आवाज उठाते हों। उन्होंने आरोप लगाया कि कई संगठन और नेता अपनी बात से मुकर जाते हैं।
अर्जुन चौटाला ने कहा कि इनेलो की लड़ाई सही नीतियां बनाने की है, जो प्रदेश और जनता के हित में हों। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल द्वारा बनाई गई नीतियों को आज भी जनता याद करती है और स्वीकार करती है। पार्टी आने वाले समय में ऐसी नीतियां लाने का प्रयास करेगी, जो वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों का भी भला करें।













