New Bus Stand: हरियाणा के इस जिले में बनेगा नया बस स्टैंड, आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस

On: March 9, 2026 6:03 AM
Follow Us:

haryana new bus stand

New Bus Stand: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पँवार ने कहा है कि महम में नए बस स्टैंड के निर्माण की दिशा में सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए हरियाणा राज्य परिवहन, रोहतक के महाप्रबंधक को निर्देश दिए गए हैं कि वे जिला प्रशासन के साथ विचार-विमर्श कर उपयुक्त भूमि के बारे में सुझाव दें। जैसे ही जिला प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, नए बस स्टैंड के निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

विकास एवं पंचायत मंत्री गुरुवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान महम से विधायक बलराम डांगी द्वारा पूछे गए प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने बताया कि महम बस अड्डे की पुरानी इमारत काफी जर्जर हो चुकी थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसका निरीक्षण कराया गया था।

मंत्री के अनुसार बस अड्डे की इमारत का निरीक्षण Haryana Police Housing Corporation की ओर से किया गया था, जिसमें इसे असुरक्षित घोषित किया गया। इसके बाद सरकार ने 11 अक्टूबर 2023 को बस स्टैंड की इमारत को ध्वस्त करने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार पुरानी इमारत को गिरा दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

उन्होंने बताया कि इसके बाद महम में नए बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसी बीच 28 अप्रैल 2025 को सीएम जन संवाद पोर्टल पर स्थानीय लोगों की ओर से मांग रखी गई कि नया बस स्टैंड शहर के बाहर बाईपास पर बनाया जाए। लोगों का तर्क था कि बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थापित करने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर के अंदर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है, इसलिए अब नए बस स्टैंड के लिए उपयुक्त स्थान के चयन को लेकर जिला प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, वैसे ही नए बस स्टैंड के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और इसके बनने से महम व आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही इससे क्षेत्र में आवागमन भी अधिक सुगम हो जाएगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now