Last Updated:
हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस और बदमाश परमिंदर के बीच मुठभेड़ हो गई. जवाबी फायरिंग में बदमाश की टांग में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी पर हत्या और फायरिंग के कई मामले दर्ज हैं.
हरियाणा के यमुनानगर के गांव बड़ी पाबनी में सीआईए स्टाफ-2 और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई.
यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर के गांव बड़ी पाबनी में सीआईए स्टाफ-2 और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में बदमाश परमिंदर की टांग में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया. घायल बदमाश को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है.
जानकारी के अनुसारस परमिंदर पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर 19 सितम्बर जगाधरी की गंगानगर कॉलोनी में तीन लोगों पर फायरिंग करने का आरोप है. इस वारदात में मंगा नाम के व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल हुआ था. इसके बाद बदमाशों ने गांव मुसिंबल में सरपंच के घर पर भी फायरिंग की थी. आरोपी पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था.
पुलिस के मुताबिक, सीआईए स्टाफ-2 को सूचना मिली थी कि बड़ी पाबनी में हथियारों से लैस एक बदमाश बाइक पर घूम रहा है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी बाइक लेकर भागने लगा और श्मशान घाट में पहुंचकर दीवार की आड़ से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं. इस दौरान बदमाश की एक गोली सब इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उसकी जान बच गई. वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश की टांग में लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया. आरोपी की पहचान पंजाब के राजपुरा निवासी परमिंदर के रूप में हुई है.
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य मामले दर्ज हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे एक बदमाश के इशारे पर सरपंच के घर पर फायरिंग की गई थी. पुलिस अब परमिंदर से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. फिलहाल उसके दो साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…











