Last Updated:
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. के.के. खंडेलवाल चीफ नेशनल कमिश्नर चुने गए हैं.
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. के.के. खंडेलवाल को संगठन का चीफ नेशनल कमिश्नर बनाया गया है.
गुरुग्राम. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है, जबकि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. के.के. खंडेलवाल को संगठन का चीफ नेशनल कमिश्नर बनाया गया है. इस संबंध में डॉ. के.के. खंडेलवाल और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हरियाणा के स्टेट कमिश्नर प्रदीप कौशिक ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने संगठन के नए राष्ट्रीय नेतृत्व, चुनाव प्रक्रिया और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी.
15 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित संगठन की 76वीं वार्षिक आमसभा के दौरान ये चुनाव संपन्न हुए. चुनाव प्रक्रिया विधिवत गठित निर्वाचक मंडल के माध्यम से लोकतांत्रिक तरीके से पूरी की गई. खास बात यह रही कि राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्षों और चीफ नेशनल कमिश्नर के सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए. किसी भी पद के लिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी.
नवनिर्वाचित चीफ नेशनल कमिश्नर डॉ. केके खंडेलवाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स बच्चों और युवाओं के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. संगठन युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना जैसे मूल्यों को विकसित करता है. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता देशभर में संगठन को और मजबूत करना, स्काउटिंग एवं गाइडिंग की पहुंच का विस्तार करना और अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को इससे जोड़ना होगा. सभी राज्य संगठनों और सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य है.
वहीं, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हरियाणा के स्टेट कमिश्नर प्रदीप कौशिक ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस का राष्ट्रीय अध्यक्ष और डॉ. केके खंडेलवाल का चीफ नेशनल कमिश्नर चुना जाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उनके नेतृत्व से स्काउटिंग एवं गाइडिंग आंदोलन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में संगठन का दायरा और व्यापक होगा तथा अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा.
संगठन की 76वीं वार्षिक आमसभा के दौरान ये चुनाव संपन्न हुए.
नए राष्ट्रीय नेतृत्व से भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की देशभर में उपस्थिति को और मजबूत करने की उम्मीद है. साथ ही संगठन का लक्ष्य युवाओं के सर्वांगीण विकास, सामाजिक भागीदारी और स्काउटिंग एवं गाइडिंग आंदोलन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपने प्रयासों को और गति देना है.











