हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, 27 नवंबर तक भर सकेंगे फॉर्म; 26-27 दिसंबर को होगा एग्जाम – नया हरियाणा

On: November 19, 2026 6:01 AM
Follow Us:

भिवानी। हरियाणा में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 18 नवंबर से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 27 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को रात 11:59 बजे तक आवेदन करने का मौका मिलेगा।

बोर्ड इससे पहले HTET 2026 की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर चुका है। परीक्षा 26 और 27 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। तीनों लेवल की परीक्षाएं अलग-अलग शिफ्ट में होंगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपने पात्रता स्तर और परीक्षा कार्यक्रम का ध्यान रखना होगा।

26 दिसंबर को लेवल-3, 27 दिसंबर को लेवल-2 और लेवल-1 की परीक्षा

बोर्ड के जारी शेड्यूल के अनुसार, 26 दिसंबर शनिवार को लेवल-3 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। इसके अगले दिन 27 दिसंबर रविवार को दो परीक्षाएं होंगी। सुबह की शिफ्ट में लेवल-2 का पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। वहीं, दोपहर बाद लेवल-1 की परीक्षा 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

इस तरह HTET 2026 की परीक्षा दो दिनों में तीन अलग-अलग शिफ्ट में पूरी होगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आवेदन करने के बाद परीक्षा से संबंधित निर्देशों और एडमिट कार्ड की जानकारी के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

HTET 2025 में 2.33 लाख अभ्यर्थियों ने कराया था रजिस्ट्रेशन

पिछले साल HTET-2025 के लिए करीब 2.33 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें 1,66,137 महिला अभ्यर्थी शामिल थीं। परीक्षा में लगभग 1.92 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। यह परीक्षा 4 और 5 जुलाई 2025 को आयोजित की गई थी, जबकि इसका परिणाम 22 अगस्त को घोषित किया गया था।

पिछले साल तीनों लेवल का कुल पास प्रतिशत 16.57 रहा था और कुल 31,847 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। यह पिछले 10 वर्षों में सबसे अधिक पास प्रतिशत बताया गया था। इससे पहले वर्ष 2016 में 22.08 प्रतिशत अभ्यर्थी HTET में सफल हुए थे।

अब HTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों की तैयारी तेज हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 27 नवंबर की अंतिम तारीख से पहले अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें, ताकि अंतिम समय में वेबसाइट से जुड़ी किसी परेशानी से बचा जा सके।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now