Last Updated:
Marksheet Correction Process : कई बार बोर्ड परीक्षा की मार्कशीट में विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम या जन्मतिथि में गलती हो जाती है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही हुआ है. मार्कशीट में नाम, माता-पिता के नाम या जन्मतिथि गलत है तो घबराएं नहीं. फरीदाबाद कोर्ट के एडवोकेट मोहन तिवारी से जानिए कैसे होगा सुधार, कौन से दस्तावेज लगेंगे और बोर्ड मना करे तो क्या है विकल्प. लोकल 18 से एडवोकेट मोहन तिवारी बताते हैं कि बोर्ड की मार्कशीट में गलती सुधारने के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनानी होती है. गलती सुधरवाने के लिए संबंधित बोर्ड में करेक्शन फॉर्म जमा करना होगा. यह फॉर्म स्कूल या संबंधित बोर्ड के कार्यालय से मिल सकता है.
फरीदाबाद. कई बार बोर्ड परीक्षा की मार्कशीट में विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम या जन्मतिथि में गलती हो जाती है. ऐसी छोटी सी गलती आगे चलकर कॉलेज में दाखिले, सरकारी नौकरी और दूसरे जरूरी कामों में परेशानी खड़ी कर सकती है. ऐसे में विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए यह जानना जरूरी है कि मार्कशीट में गलती होने पर उसे कैसे ठीक कराया जा सकता है. लोकल 18 से फरीदाबाद सेक्टर-12 कोर्ट के एडवोकेट मोहन तिवारी बताते हैं कि बोर्ड की मार्कशीट में गलती सुधारने के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनानी होती है. अगर किसी विद्यार्थी की मार्कशीट में नाम या माता-पिता के नाम में गलती हो गई है तो इसके लिए संबंधित बोर्ड में करेक्शन फॉर्म जमा करना होगा. एडवोकेट मोहन तिवारी के मुताबिक, यह फॉर्म स्कूल या संबंधित बोर्ड के कार्यालय से मिल सकता है.
इसके साथ गलत जानकारी वाली ओरिजिनल मार्कशीट, आधार कार्ड और एक एफिडेविट लगाना जरूरी होता है. एफिडेविट में बताना होगा कि पहले सही नाम क्या था और गलती से क्या दर्ज हो गया है. इसके बाद स्कूल के प्रिंसिपल की ओर से दस्तावेजों की जांच कर रिकमेंडेशन दी जाती है. सभी कागजात बोर्ड में पहुंचने के बाद जांच की जाती है और सही पाए जाने पर संशोधित मार्कशीट जारी की जाती है.
मोहन तिवारी बताते हैं कि जन्मतिथि में सुधार कराना नाम की गलती ठीक कराने जितना आसान नहीं है. इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र, नगर निगम का रिकॉर्ड और अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है. जन्मतिथि में बदलाव के लिए ठोस प्रमाण देना जरूरी है. पहले माता-पिता स्कूल में जाकर बच्चे की उम्र बताते थे और उसी आधार पर जन्मतिथि दर्ज कर दी जाती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होता. जन्मतिथि का सत्यापन संबंधित सरकारी रिकॉर्ड और उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर किया जाता है.
जा सकते हैं हाईकोर्ट
मोहन तिवारी कहते हैं कि अगर विद्यार्थी के पास सही दस्तावेज हैं और इसके बावजूद बोर्ड या स्कूल सुधार करने से मना कर रहा है तो हाईकोर्ट का रास्ता भी खुला है. ऐसी स्थिति में संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत रिट याचिका दाखिल की जा सकती है. हाईकोर्ट की ओर से संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए जाते हैं और मामले में जवाब मांगा जाता है. मोहन तिवारी कहते हैं कि मार्कशीट मिलने के बाद विद्यार्थियों को उसका नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि और अन्य जानकारियां तुरंत जांच लेनी चाहिए. गलती दिखाई देने पर बिना देरी किए स्कूल के प्रिंसिपल या संबंधित कॉलेज को इसकी जानकारी दें. जरूरी दस्तावेजों के साथ लिखित आवेदन जमा करें, ताकि समय रहते सुधार की प्रक्रिया शुरू हो सके.
मोहन तिवारी के मुताबिक, स्कूल में दाखिले या बोर्ड परीक्षा का फॉर्म भरते समय विद्यार्थी का नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्मतिथि अच्छी तरह जांच लें. जल्दबाजी में फॉर्म न भरें. एक बार सभी जानकारियां सही तरीके से जांच लेने से भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…











