Last Updated:
Faridabad News: फरीदाबाद के बीके अस्पताल में बेड से हाथ-पैर बंधे मिले दिल्ली के कपिल की संदिग्ध मौत. परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया, सीएमओ ने जांच कमेटी गठित की. युवक बीते चार पांच दिन से लापता था और उसे 15 नवंबर को अस्पताल में भर्ती किया गया था. लेकिन अस्पताल ने परिवार और पुलिस को सूचना नहीं दी.
फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद के बीके अस्पताल में बेड से हाथ-पैर बंधे मिले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. मृतक की पहचान दिल्ली के शाहदरा निवासी 33 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है. परिवार का आरोप है कि यदि अस्पताल प्रशासन समय रहते उन्हें सूचना दे देता तो वे कपिल तक पहुंच सकते थे.
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.
दिल्ली के शाहदरा का रहने वाला कपिल रैपिडो में बाइक चलाता था. 7 नवंबर को वह फरीदाबाद में अपने एक दोस्त से मिलने के बाद दिल्ली लौट रहा था. शाम करीब 4 बजे उसकी आखिरी बार अपनी मां से फोन पर बात हुई थी. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और परिवार से संपर्क टूट गया. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार परिवार ने शाहदरा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. बाद में पता चला कि 8 नवंबर की रात कपिल को इलाज के लिए फरीदाबाद के बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
कपिल के हाथ-पैर बेड से बांधकर रखे गए
अस्पताल में इलाज के दौरान कपिल के हाथ-पैर बेड से बांधकर रखे गए थे. इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर बंधा हुआ दिखाई दे रहा है. 15 नवंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान होने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने अस्पताल स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए. कपिल के चचेरे भाई ईशान मल्होत्रा के मुताबिक, करीब दो महीने पहले ही कपिल का तलाक हुआ था और उसकी कोई संतान नहीं थी. वह अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था. परिजनों का आरोप है कि कपिल के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई. यहां तक कि पुलिस को भी समय रहते सूचना नहीं दी गई. परिवार का कहना है कि यदि उन्हें समय पर जानकारी मिल जाती तो वे अस्पताल पहुंचकर कपिल की देखभाल कर सकते थे. परिजनों ने अस्पताल स्टाफ की कथित लापरवाही को युवक की मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
शरीर पर चोट के निशान भी मौजूदः डॉक्टर
पूरे मामले पर सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा का कहना है कि मरीज को समय पर खाना और दवाइयां दी जा रही थीं. जब कपिल को अस्पताल लाया गया था, तब उसके शरीर पर चोट के निशान भी मौजूद थे. सीएमओ ने बताया कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है. कमेटी यह जांच करेगी कि मरीज को कितने समय तक बेड से बांधकर रखा गया और इलाज के दौरान सभी जरूरी सावधानियां बरती गई थीं या नहीं. जांच में किसी भी कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
सबसे बड़े सवाल के जवाब की तलाश
फिलहाल परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किन परिस्थितियों में कपिल की मौत हुई और अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसके हाथ-पैर बांधकर क्यों रखे गए थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच कमेटी की रिपोर्ट से ही इन सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…












