अंबाला: सर्दियों में नहाने के बाद अगर आपकी त्वचा में खुजली, खिंचाव या रूखापन महसूस होता है, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. दरअसल, मौसम में बढ़ती ठंड और शुष्क हवा का असर त्वचा पर साफ दिखाई देने लगता है, कई बार यही परेशानी धीरे-धीरे एक्जिमा, डैंड्रफ और सोरायसिस जैसी समस्याओं का रूप ले सकती है. खास बात यह है कि सर्दियों में त्वचा की देखभाल में की गई छोटी-छोटी गलतियां भी परेशानी बढ़ा सकती हैं.
अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल की आयुर्वेदिक ओपीडी में त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं. यहां कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने सर्दियों में त्वचा का खास ध्यान रखने की सलाह दी है. उन्होंने बताया कि इस मौसम में वातावरण में नमी कम होने के कारण त्वचा में रूखापन बढ़ जाता है. इसके चलते खुजली, डैंड्रफ, एक्जिमा और सोरायसिस जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं.
सर्दियों में शरीर पर मॉइश्चराइजर लगाना जरूरी
लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए आयुर्वेदिक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि सर्दियों में नहाने के तुरंत बाद शरीर पर मॉइश्चराइजर लगाना बेहद जरूरी है. इसके लिए नारियल तेल, तिल का तेल या सरसों के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा घी या त्वचा के अनुकूल मॉइश्चराइजिंग लोशन भी लगाया जा सकता है, इससे त्वचा की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है. उन्होंने सलाह दी कि नहाने के लिए बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. अधिक गर्म पानी त्वचा की प्राकृतिक नमी को कम कर सकता है, जिससे खुजली और ड्राइनेस की समस्या बढ़ सकती है.
नहाने के लिए हल्के गुनगुने पानी का करे इस्तेमाल
नहाने के लिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना बेहतर है. आयुर्वेदिक चिकित्सक ने बताया कि सर्दियों में त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए खान-पान पर ध्यान देना भी जरूरी है. भोजन में उचित मात्रा में घी शामिल किया जा सकता है, उन्होंने गाय के दूध और घी के सेवन की सलाह भी दी. हालांकि, खान-पान व्यक्ति की सेहत और पाचन के अनुसार होना चाहिए. उन्होंने कहा कि ज्यादा भूख लगने पर भी जरूरत से ज्यादा भोजन करने से बचना चाहिए और संतुलित आहार लेना चाहिए.
साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी
डॉ. के अनुसार, सर्दियों में सोरायसिस और एक्जिमा जैसी समस्याएं भी परेशान कर सकती हैं. आयुर्वेद में इन समस्याओं के लिए कुछ पारंपरिक औषधियों और तेलों का उल्लेख मिलता है. उन्होंने पंचतिक्त घृत, महातिक्त घृत और गुग्गुल आधारित औषधियों के साथ सोमराजी तेल, नीम ऑयल और चक्रमर्द तेल जैसे विकल्पों का जिक्र किया. हालांकि, इनका इस्तेमाल बीमारी की स्थिति और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ही करना चाहिए. त्वचा की देखभाल के साथ साफ-सफाई का ध्यान रखना भी जरूरी है. नहाने के बाद किसी दूसरे व्यक्ति का तौलिया इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. दूसरों के कपड़े पहनने से भी बचना चाहिए.
त्वचा को रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से सुखाएं
कुछ त्वचा संबंधी संक्रमण कपड़ों और व्यक्तिगत इस्तेमाल की वस्तुओं से फैल सकते हैं. उन्होंने कहा कि सर्दियों में त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए नहाने से पहले हल्के गुनगुने तेल से मालिश की जा सकती है, दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और भोजन में मौसमी सब्जियां, दाल और पौष्टिक चीजें शामिल करें. नहाने के बाद त्वचा को रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से सुखाएं और तुरंत मॉइश्चराइजर लगाएं. त्वचा में लगातार खुजली, लालिमा, पपड़ी, घाव या जलन बनी रहती है, तो इसे केवल मौसम का असर समझकर घरेलू नुस्खों पर निर्भर न रहें. समय पर त्वचा विशेषज्ञ से जांच करवाना जरूरी है.













