फरीदाबाद में पति की हैवानियत, पत्नी और चार बच्चों पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग लगाने की कोशिश, 7 साल का मासूम झुलसा

On: November 16, 2026 10:23 AM
Follow Us:

फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में पिता ने अपनी पत्नी और बच्चों को जिंदा जलाने की कोशिश की. आरोपी ने सोते समय खिड़की से कमरे में ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी. आग की चपेट में आने से परिवार के सभी सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई.

गनीमत रही कि महिला और उसके अन्य बच्चे सुरक्षित बच गए, लेकिन 7 साल का मासूम वंश आग की चपेट में आकर झुलस गया. उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है. महिला ने अपने पति पर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला फरीदाबाद के बाटा चौक स्थित रामनगर का है. जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय रेणु अपने पति राजू से पिछले करीब डेढ़ साल से अलग रह रही है. महिला का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है और कोई काम नहीं करता. पति की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने चार बच्चों के साथ लाल कोठी के पास किराए के मकान में रहने लगी थी. महिला एक कोठी में बच्चों की आया का काम करती है और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही है.

20 साल पहले हुई थी शादी, मारपीट से परेशान होकर छोड़ा घर

महिला रेणु के मुताबिक, उसकी शादी करीब 20 साल पहले राजू के साथ हुई थी. आरोप है कि पिछले कई वर्षों से उसका पति उसके साथ मारपीट करता था. यहां तक कि उस पर चाकू से हमला भी कर चुका है. लगातार घरेलू हिंसा और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने बच्चों के साथ पति से अलग रहने का फैसला किया था.

सोते समय खिड़की से ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर लगाई आग

महिला ने आरोप लगाया कि रविवार को उसकी छुट्टी थी. बड़ा बेटा देव पानी के प्लांट पर काम करने के लिए घर से निकल चुका था. वहीं रेणु अपनी बेटी दिशा, बेटे राज और 7 वर्षीय वंश के साथ कमरे में सो रही थी. इसी दौरान आरोप है कि उसका पति खिड़की से पर्दा हटाकर कमरे में घुसा और सो रहे परिवार पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी. कपड़ों में आग लगते ही कमरे में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. परिवार ने किसी तरह खुद को और बच्चों को बचाया, लेकिन छोटा बेटा वंश आग की चपेट में आकर झुलस गया.

तीन दिन से कमरे के चक्कर लगा रहा था आरोपी

महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले तीन दिनों से लगातार उसके कमरे के आसपास आ रहा था. हालांकि उसे अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह की खौफनाक वारदात को अंजाम दे सकता है. महिला का कहना है कि वह अब किसी भी सूरत में पति के साथ नहीं रहना चाहती, जबकि आरोपी उसे जबरन अपने साथ रखने का दबाव बना रहा है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

उधर, संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज के मुताबिक पुलिस को घटना की जानकारी मिली है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आग लगाने के लिए किस ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया गया. डॉक्टर की रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. महिला की ओर से अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी गई है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now