Last Updated:
IAS Vivek Arya and IPS Aditi Singh Marriage: एडीसी IAS विवेक आर्य और डीसीपी IPS अदिति सिंह 15 नवंबर को शादी के बंधन में बंध गए हैं. दोनों अधिकारियों ने आर्य समाज की वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए, जिसमें कई VIP मेहमानों और वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की.
IAS-IPS की पंचकूला में शादी
चरखी दादरी: प्रशासनिक सेवा के दो युवा अधिकारी पंचकूला के एडीसी (अतिरिक्त उपायुक्त) IAS विवेक आर्य और डीसीपी IPS अदिति सिंह रविवार, 15 नवंबर को विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए. दादरी से पंचकूला पहुंची बारात का भव्य स्वागत हुआ और शिवालिक कंट्री क्लब में दोपहर को आयोजित एक सादगीपूर्ण समारोह में दोनों अधिकारियों ने आर्य समाज की वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए.
फूलों से सजे मंच पर क्रीम रंग की शेरवानी पहने विवेक आर्य और लाल रंग के पारंपरिक जोड़े में सजीं अदिति सिंह ने जैसे ही एक-दूसरे को वरमाला पहनाई, वहां मौजूद परिजनों और अतिथियों ने उन पर फूल बरसाए. जयमाला की रस्म पूरी होते ही आईएएस विवेक आर्य ने पत्नी अदिति सिंह का हाथ ऊपर उठाकर खुशी का इजहार किया और इस खास पल का जश्न मनाया, जिसे देख समारोह में मौजूद सभी मेहमानों ने तालियां बजाकर नवदंपती को शुभकामनाएं दीं.
VIP मेहमानों और वरिष्ठ अधिकारियों ने की शिरकत
इस सादगीपूर्ण विवाह समारोह में प्रदेश की राजनीति और प्रशासन से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां नवदंपती को आशीर्वाद देने पहुंचीं. समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डॉ. अजय सिंघल विशेष रूप से शामिल हुए. इसके अलावा प्रदेश भर से पहुंचे कई वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस और एचसीएस अधिकारियों ने भी वर-वधू को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं.
बाढड़ा से पंचकूला तक दिखा विवाह का उत्साह
मूल रूप से चरखी दादरी जिले के गांव गोपी और वर्तमान में बाढड़ा निवासी विवेक आर्य और उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली अदिति सिंह की शादी बिना किसी पंचांग या आडंबर के तय की गई थी. इससे पहले 13 नवंबर (बुधवार) को बाढड़ा में उनकी घुड़चढ़ी की रस्म संपन्न हुई थी, जबकि 12 नवंबर (मंगलवार) को प्रतिभोज का आयोजन हुआ था. इन दोनों ही कार्यक्रमों में क्षेत्र के लोगों और अधिकारियों का हुजूम उमड़ा था.
बता दें कि दोनों अधिकारियों की मुलाकात मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान हुई थी. विवाह तय होने के बाद हिमाचल प्रदेश कैडर की आईपीएस अदिति सिंह को नियमों के तहत हरियाणा कैडर आवंटित हुआ और वर्तमान में दोनों ही अधिकारी पंचकूला में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.













