अंबाला में किसान पराली को जलाने के बजाय गांठें बेचकर या सुपर सीडर खाद बनाकर करें कमाई, सरकार दे रही अनुदान

On: November 15, 2026 2:01 AM
Follow Us:

अंबाला: धान की कटाई के बाद खेतों में बचने वाली पराली किसानों के लिए अब परेशानी नहीं, बल्कि कमाई का जरिया बन सकती है. क्योंकि पराली को जलाने से जहां मिट्टी की उपजाऊ शक्ति कमजोर होती है और प्रदूषण बढ़ता है, वहीं इसका सही प्रबंधन करके किसान अतिरिक्त आमदनी कर सकते हैं. खास बात यह है कि हरियाणा में पराली प्रबंधन के लिए किसानों के पास दो बेहतर विकल्प हैं. दरअसल किसान चाहें तो पराली की गांठें बनवाकर बेच सकते हैं या फिर आधुनिक कृषि यंत्रों की मदद से उसे खेत में ही मिलाकर प्राकृतिक खाद तैयार कर सकते हैं. इसके लिए सरकार की ओर से भी किसानों को प्रति एकड़ 1200 रुपये अनुदान दिया जा रहा है.

बता दे कि धान की कटाई के बाद किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती गेहूं की बिजाई के लिए खेत तैयार करने की होती है.कम समय में खेत खाली करने के चक्कर में कई किसान पराली में आग लगा देते हैं,इससे उठने वाला धुआं वातावरण में प्रदूषण फैलाता है.इतना ही नहीं, आग लगाने से मिट्टी की ऊपरी सतह को नुकसान पहुंचता है और जमीन में मौजूद लाभकारी जीवाणु और पोषक तत्व भी नष्ट होते हैं.इसका असर अगली फसल की पैदावार पर पड़ता है, किसानों को बाद में ज्यादा खाद, पानी और कीटनाशकों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है.

नई तकनीक से हो रहा है पराली प्रबंधन

वही कृषि विज्ञान केंद्र तेपला अंबाला के कृषि विशेषज्ञ डॉक्टर राजेंद्र ने लोकल 18 को बताया कि पहले किसानों के सामने पराली के प्रबंधन की बड़ी समस्या होती थी, लेकिन अब किसान नई तकनीक से जुड़ चुके हैं. किसान कृषि यंत्रों की मदद से पराली को जलाने के बजाय उसका सही इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि पराली प्रबंधन के दो तरीके किसानों के लिए काफी फायदेमंद हैं. डॉक्टर राजेंद्र ने बताया कि किसान हार्वेस्टर से धान की कटाई के बाद खेत में बची पराली की गांठें बनवा सकते हैं.इसके लिए बेलर या स्ट्रॉ बेलर मशीन का इस्तेमाल किया जाता है. यह मशीन खेत में बिखरी पराली को इकट्ठा करके बड़े और सघन बंडलों में बदल देती है.

इन गांठों को आगे इस्तेमाल के लिए बेचा जा सकता है.उन्होंने बताया कि अंबाला जिले में बेलर मशीनें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. कई बार मशीन संचालक किसानों से पराली की गांठ बनाने का कोई पैसा नहीं लेते, बल्कि खुद गांठें बनाकर अपने साथ ले जाते हैं,इसके बाद वे इन गांठों को बेचकर अपनी कमाई करते हैं.इससे किसान का खेत भी बिना खर्च के खाली हो जाता है और मशीन संचालक को भी आमदनी हो जाती है, पराली का इस्तेमाल पशुओं के सूखे चारे, गत्ता बनाने और बायोमास से ऊर्जा उत्पादन जैसे कामों में भी किया जा सकता है.

सुपर सीड से पराली को मिट्टी में मिलाया जाता है

वही डॉक्टर राजेंद्र के अनुसार, किसान पराली को खेत में ही मिलाकर उसका खाद के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं, इसके लिए सुपर सीडर जैसे कृषि यंत्र काफी उपयोगी हैं. सुपर सीडर की मदद से खेत में पराली बिछती जाती है और उसके साथ ही गेहूं की बिजाई भी होती जाती है, इससे खेत में आग लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. उन्होंने बताया कि कंबाइन मशीन में एसएमएस (SMS) सिस्टम भी होता है, जो पराली को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर खेत में फैला देता है. इसके बाद सुपर सीडर की मदद से पराली को मिट्टी में मिलाया जा सकता है. धीरे-धीरे यह पराली सड़कर प्राकृतिक खाद का काम करती है. इससे मिट्टी में पोषक तत्व बढ़ते हैं और अगली फसल के लिए जमीन बेहतर तैयार होती है.

बनी रहेगी खेत की उपजाऊ शक्ति

ऐसी जमीन में किसानों को खाद और दवाइयों पर भी कम खर्च करना पड़ सकता है,आलू की खेती में भी इसका अच्छा फायदा मिल सकता है. कृषि विशेषज्ञ डॉक्टर राजेंद्र ने बताया कि पराली प्रबंधन करने वाले किसानों को सरकार की ओर से प्रति एकड़ 1200 रुपये अनुदान राशि दी जाती है. इससे किसानों को पराली का सही प्रबंधन करने के लिए आर्थिक मदद मिलती है. उन्होंने बताया कि स्मार्ट सीडर पर भी लगातार ट्रायल चल रहे हैं, ताकि किसानों को पराली प्रबंधन के और बेहतर विकल्प मिल सकें. उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली को आग लगाने के बजाय कृषि यंत्रों की मदद से उसका प्रबंधन करें. इससे एक तरफ पर्यावरण प्रदूषण कम होगा, वहीं दूसरी तरफ जमीन की उपजाऊ शक्ति बनी रहेगी. पराली को किसान बोझ समझने के बजाय कमाई और प्राकृतिक खाद का जरिया बनाएं, जिससे खेती की लागत घटाने और पैदावार बेहतर करने में मदद मिल सके.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

फरीदाबाद में यहां बसने का अच्छा मौका, 5 साल में बदल जाएगी पूरे इलाके की तस्वीर, क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

Health Tips : कैल्शियम की कमी से हैं परेशान? हड्डियों और दांतों के लिए जरूरी, अंबाला के डॉक्टर से जानिए

'हाथ में बंदूक, जुबां पर दबंगई…' सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों का गजब 'टैलेंट हंट',18 साल के लड़के बन रहे किलर

घर से 1 KM दूर थे पति-पत्नी, आधी रात को पीछे लगी कार, गुरुग्राम में Video देख उड़े होश! सोसायटी तक अटकी सांसें

LBSNAA में ट्रेनिंग के दौरान दोस्ती, प्यार के लिए बदला कैडर, अब जीवनसाथी बन रही IAS-IPS की जोड़ी

ट्रैनिंग में टकराए नैना… फिर एक ही जिले में मिली पोस्टिंग, अब 15 नवंबर को IPS अदिति सिंह बनेंगी IAS विवेक की दुल्हन