Last Updated:
Overtime Legal Rights : क्या आपसे भी फैक्ट्री या कंपनी में आठ घंटे की ड्यूटी के बाद ओवरटाइम कराया जा रहा है. क्या आपको पता है कि ओवरटाइम का भुगतान सामान्य वेतन से दोगुना मिलना चाहिए. जबरदस्ती ओवरटाइम कराने या पूरा पैसा नहीं देने पर कहां शिकायत करें. फरीदाबाद सेक्टर-12 कोर्ट के एडवोकेट मोहन तिवारी से जानिए कर्मचारियों के कानूनी अधिकार और जरूरी नियम. लोकल 18 से वकील मोहन तिवारी बताते हैं कि अगर कोई कंपनी या फैक्ट्री अपने कर्मचारियों से ओवरटाइम करवाती है तो उसके बदले भुगतान करना जरूरी है. कई कंपनियां कर्मचारियों को ओवरटाइम के बदले सामान्य भुगतान ही करती हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए.
फरीदाबाद. मेहनत का पूरा फल मिलना हर कर्मचारी का अधिकार है, लेकिन कई बार कंपनियों में काम करने वाले लोगों को अपने अधिकारों के बारे में पता नहीं होता. फरीदाबाद के औद्योगिक क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्रियों और निजी कंपनियों में काम करते हैं. कई बार कर्मचारियों से आठ घंटे की ड्यूटी के बाद भी ओवरटाइम कराया जाता है, लेकिन उन्हें इसका पूरा भुगतान नहीं मिलता. कुछ कंपनियां कर्मचारियों को ओवरटाइम करने के लिए मजबूर भी करती हैं. ऐसे में कर्मचारियों के लिए यह जानना जरूरी है कि ओवरटाइम के क्या नियम हैं और उनके अधिकारों का उल्लंघन होने पर वे कहां शिकायत कर सकते हैं. लोकल 18 ने इस बारे में फरीदाबाद सेक्टर-12 कोर्ट के एडवोकेट मोहन तिवारी से बात की.
यहां करें शिकायत
एडवोकेट मोहन तिवारी बताते हैं कि अगर कोई कंपनी या फैक्ट्री अपने कर्मचारियों से ओवरटाइम करवाती है तो उसके बदले भुगतान करना जरूरी है. नियम के अनुसार ओवरटाइम का पैसा सामान्य वेतन की दर से दोगुना दिया जाना चाहिए. कई कंपनियां कर्मचारियों को ओवरटाइम के बदले सामान्य भुगतान ही करती हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए. कर्मचारी को उसके काम के हिसाब से पूरा पैसा मिलना जरूरी है. मोहन तिवारी के मुताबिक, अगर किसी कर्मचारी को ओवरटाइम करने के बाद भी दोगुना भुगतान नहीं मिलता है तो वह चुप न बैठें. ऐसे मामलों में कर्मचारी लेबर इंस्पेक्टर, लेबर विभाग या संबंधित लेबर कोर्ट में शिकायत कर सकता है. वहां मामले की जांच के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है. इसलिए कर्मचारियों को अपने काम के घंटों और भुगतान का रिकॉर्ड भी संभालकर रखना चाहिए.
नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी
मोहन तिवारी बताते हैं कि अगर कोई कर्मचारी अपनी आठ घंटे की ड्यूटी पूरी कर चुका है तो कंपनी उस पर जबरदस्ती ओवरटाइम करने का दबाव नहीं बना सकती. कर्मचारी को नौकरी से निकालने की धमकी देकर जबरन अतिरिक्त काम करवाना सही नहीं है. सिर्फ ओवरटाइम करने से मना करने के आधार पर कर्मचारी को परेशान करना भी उचित नहीं है. अगर कंपनी ऐसा करती है तो कर्मचारी संबंधित विभाग में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है. कर्मचारियों के श्रम का सम्मान करना भी जरूरी है. हर कर्मचारी अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए मेहनत करता है. कंपनी को अपना टारगेट पूरा करने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए कर्मचारियों के हितों और अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए. यह केवल कानूनी ही नहीं, बल्कि नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी भी है.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…











