Sonipat Crime News: हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में शुक्रवार शाम एक खौफनाक वारदात सामने आई। रोहतक रोड पर प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र पहल उर्फ नन्हा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उस समय उन्हें निशाना बनाया, जब वह अपने कार्यालय से निकलकर कार में बैठने जा रहे थे। ताबड़तोड़ फायरिंग में बिजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद रोहित गोदारा गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है।
कार में बैठते ही बरसाईं गोलियां
बिजेंद्र पहल मूलरूप से गन्नौर क्षेत्र के गांव गुमड़ के रहने वाले थे और गोहाना के आदर्श नगर में रह रहे थे। उन्होंने रोहतक रोड पर शिवम प्रॉपर्टी एडवाइजर के नाम से अपना कार्यालय खोल रखा था। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह कार्यालय से घर जाने के लिए निकले। कार्यालय के सामने सड़क की दूसरी तरफ एक गली में उनकी क्रेटा कार खड़ी थी। वह कार के पास पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर बैठने लगे, तभी दूसरी गली से चादर ओढ़े एक हमलावर दौड़ता हुआ उनके पास पहुंचा।

हमलावर ने बेहद नजदीक से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से बिजेंद्र ने बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया। गोलियां लगने से वह जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर रोहतक रोड की तरफ भाग गया। कुछ दूरी पर उसका एक साथी वाहन लेकर मौजूद था, जिसकी मदद से आरोपी फरार हो गया।
घटनास्थल से मिले 13 खाली कारतूस
हत्या की सूचना मिलते ही गोहाना थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से 13 खाली कारतूस मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पहले से की गई थी बिजेंद्र की रेकी
प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे सुनियोजित साजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर को बिजेंद्र के रोजाना कार्यालय से निकलने के समय की जानकारी थी। आशंका है कि हमलावर पहले से ही आसपास की गली में घात लगाकर बैठा था और बिजेंद्र के बाहर निकलने का इंतजार कर रहा था। जैसे ही वह कार में बैठने पहुंचे, हमलावर ने हमला कर दिया। बिजेंद्र का पहले महम रोड स्थित चुंगी के पास कार्यालय था। करीब एक साल पहले ही उन्होंने रोहतक रोड पर अपना नया कार्यालय शुरू किया था।
रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी
बिजेंद्र पहल की हत्या के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। यह पोस्ट वीरेंद्र चारण के नाम से जारी की गई बताई जा रही है। इसमें अरविंद गिल्ली राणा और रोहित गोदारा ग्रुप की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में दावा किया गया है कि बिजेंद्र उर्फ नन्हा पहल की हत्या 2021 में रामपाल बरोदा पर हुए हमले का बदला लेने के लिए की गई है। पोस्ट में कुछ अन्य लोगों को भी धमकी दी गई है।












