नई दिल्ली. हरियाणा पुलिस ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को धमकी देने वाले कोबरा जांगड़ा को धर दबोचा है. कुछ दिन पहले ही इस कुख्यात अपराधी ने केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी. सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के रोहतक से एक युवक को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस ने शनिवार को आरोपी को मोहाली की अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. अब पुलिस उससे धमकी देने और सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के पीछे की वजह जानने के लिए पूछताछ कर रही है. आरोपी के परिजनों को भी गिरफ्तारी के बाद ही पता चला कि पुलिस उसे किस मामले में अपने साथ ले गई है.
रोहतक की शास्त्री कॉलोनी से पकड़ा गया आरोपी
जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस की टीम 12 नवंबर को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी पहुंची थी. वहां से कोमल को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई. वह मूल रूप से रोहतक के समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला है. पिछले कुछ वर्षों से वह अपने परिवार के साथ अमृत कॉलोनी में रह रहा था. सूत्रों के अनुसार, कोमल को अपना असली नाम पसंद नहीं था. इसी वजह से उसने अपना नाम बदलकर कोबरा रख लिया था.
डीसी कार्यालय में क्लर्क था कोमल, छह महीने पहले हुई थी बर्खास्तगी
केजरीवाल और उनकी बेटी को मारने की धमकी देने वाले आरोपी को लेकर एक और जानकारी सामने आई है. कोमल पहले करनाल के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करता था. कुछ महीने पहले ही उसने वहां से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद उसे रोहतक के डीसी कार्यालय में क्लर्क की नौकरी मिली. बताया जाता है कि कार्यालय में कुछ कर्मचारियों के साथ उसका विवाद हो गया था. इस मामले में डीसी कार्यालय की ओर से उसे अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया गया था. आरोप है कि उसने नोटिस का जवाब नहीं दिया. इसके बाद करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था.
कोमल के भाई तिलकराज ने बताया कि उसके खिलाफ पहले मारपीट और झगड़े के तीन मामले दर्ज हुए थे. तीनों मामलों में वह बरी हो चुका है. भाई का दावा है कि फिलहाल उसके खिलाफ कोई मामला लंबित नहीं है. उसका किसी गैंग से भी कोई संबंध नहीं है. तिलकराज के मुताबिक, कोमल ज्यादातर अकेले रहना पसंद करता है. वह अपने कमरे में बैठकर पढ़ाई करता रहता था. सामाजिक गतिविधियों में भी उसकी ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी. भाई ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने और मिर्गी के दौरे पड़ने की बात भी कही.













